निफ्टी के स्पॉट और फ्यूचर्स क्लोजिंग में दिखा बड़ा अंतर, ट्रेडर्स ने सोशल मीडिया पर उठाए सवाल

मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (सीएएस) नियमों के सोमवार को लागू होने के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य सूचकांक निफ्टी और बैंक निफ्टी के स्पॉट और फ्यूचर्स में बड़ा अंतर दिखाई दिया है।
ट्रेडिंग के बंद होने के समय दोपहर 3:15 पर निफ्टी 24,589 के आसपास कारोबार कर रहा था।
लेकिन नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (दोपहर 3:15 से दोपहर 3:35 के बीच) अचानक से 24,774.30 पर पहुंच गया, जो कि 185 अंक की बड़ी बढ़त को दिखाता है। वहीं, गिफ्ट निफ्टी 24,650 के आसपास था।
नए सीएएस नियमों के तहत, सभी एफएंडओ स्टॉक्स में लगातार ट्रेडिंग दोपहर 3:15 बजे बंद हो जाती है। इसके बाद, सभी बकाया बाय/सेल ऑर्डर्स को एक ही इक्विलिब्रियम प्राइस ऑक्शन में मैच किया जाता है।
इसी तरह का अंतर निफ्टी बैंक में देखने को मिला, जो कि 1.7 प्रतिशत चढ़कर 983 पर बंद हुआ। इसमें आखिरी के समय में 500 अंक की तेजी बढ़त देखी गई।
ट्रेडर्स की ओर से इस क्लोजिंग पर चिंता जताने का कारण सेंसेक्स और निफ्टी की क्लोजिंग में करीब एक प्रतिशत का अंतर होना है।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 0.7 प्रतिशत चढ़कर 78,639.03 पर बंद हुआ।
आमतौर पर बाजार बंद होने के समय निफ्टी और सेंसेक्स की बढ़त करीब समान होती है।
सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई ट्रेडर्स चिंता जता चुके हैं। एक ट्रेडर ने एक्स पर लिखा कि उसने अपने ट्रेडिंग करियर में इस तरह का अंतर कभी नहीं देखा है। वहीं, अन्य ने कहा कि एनएसई और बीएसई के मुख्य सूचकांक में अंतर काफी चौकाने वाला है।
सेबी के मुताबिक, नए ऑक्शन मेकैनिज्म को क्लोजिंग प्राइस के उचित और पारदर्शी निर्धारण को सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किया गया है, साथ ही लिक्विडिटी और एक्सेक्यूशन एफिशिएंसी में सुधार करने के लिए भी है।
नए शेड्यूल के तहत एफएंडओ स्टॉक के लिए नियमित कारोबार शाम 3:15 बजे तक जारी रहेगा, इसके बाद एक ट्रांजिशन पीरियड होगा जो शाम 3:20 बजे तक चलेगा। क्लोजिंग ऑक्शन सेशन फिर शाम 3:20 बजे से 3:25 बजे तक पहले ऑर्डर एंट्री चरण के साथ शुरू होगा और दूसरा ऑर्डर एंट्री चरण शाम 3:25 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा, जिसके दौरान निवेशकों को बाजार ऑर्डर में बदलाव या रद्द करने की अनुमति नहीं होगी। ऑक्शन इस चरण के अंतिम दो मिनट के भीतर समाप्त होगा।
ऑर्डर मैचिंग शाम 3:30 बजे से 3:35 बजे के बीच होगी, जिसके बाद ऑक्शन की कीमत निर्धारित की जाएगी। क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के माध्यम से खोजी गई कीमत सभी एफएंडओ स्टॉक के लिए आधिकारिक क्लोजिंग प्राइस के रूप में काम करेगी।
–आईएएनएस
एबीएस