सपा विधायक रागिनी सोनकर ने योगी सरकार पर लगाए शिक्षा की अनदेखी के आरोप, बुलडोजर राजनीति पर घेरा


जौनपुर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे योगी आदित्यनाथ को माफिया और मिट्टी में मिला देने वाले बयान याद आने लगे हैं।

एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नकल माफिया मिट्टी में मिल जाएंगे, कोई रोक नहीं सकता।

जौनपुर में आईएएनएस से बातचीत में सपा विधायक रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में कुछ भी ठोस काम नहीं हुआ। प्राथमिक स्कूल बंद करने की बात हो रही है, जबकि पूर्व सरकार द्वारा स्थापित जौहर विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान पूरी तरह गलत और राजनीतिक है। जब इनका कार्यकाल शुरू होता है तो शिक्षा के लिए उन्होंने क्या किया? जौहर विश्वविद्यालय पूर्व की सरकार में बनाया गया था। भाजपा बताए कि उसने ऐसे कितने विश्वविद्यालय बनवाए?

समाजवादी पार्टी की विधायक ने आरोप लगाया कि इस सरकार में प्राथमिक स्कूलों को बंद करने की बात की जा रही है। शिक्षा के नाम पर कुछ नहीं दिखाई देता, जबकि बुलडोजर हर जगह दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में जो भी बेहतर कार्य हुए, उन्हें तोड़ने का प्रयास यह सरकार कर रही है।

रागिनी सोनकर ने 20 जुलाई को दिल्ली में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा, “बहुत सारे बच्चों को पीटा गया। जो हुआ, उसकी जवाबदेही गृह मंत्रालय की भी होनी चाहिए।”

सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर रागिनी सोनकर ने कहा कि बिल ठीक है। जो भी बिल पेश किए जा रहे हैं, वे सदन के सामने आएंगे। पूरा विपक्ष वहां मौजूद रहेगा और बिल पर विस्तृत चर्चा होगी।

उन्होंने जोर देकर कहा, “विपक्ष का असली काम है कि सार्थक चर्चा करें और चीजों को बेहतर बनाया जा सके। उम्मीद करती हूं कि बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का काम सरकार करेगी।”

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Show More
Back to top button