बहन ने खींची तस्वीरें और खुल गया बॉलीवुड का रास्ता, जानें कृति सेनन से जुड़ा दिलचस्प किस्सा

मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। आज बॉलीवुड की सफल अभिनेत्रियों में शामिल कृति सेनन को किसी पहचान की जरूरत नहीं है। खूबसूरती, अभिनय और अलग-अलग तरह के किरदारों के दम पर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाई है। लेकिन उनके इस सफर की शुरुआत किसी बड़े स्टूडियो से नहीं, बल्कि घर के एक छोटे से फोटोशूट से हुई थी। उनकी बहन नूपुर सेनन ने जब कैमरे से कृति की कुछ तस्वीरें क्लिक कीं, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यही तस्वीरें आगे चलकर उनके सपनों की पहली सीढ़ी बन जाएंगी।
कृति सेनन का जन्म 27 जुलाई 1990 को नई दिल्ली में हुआ था। उनके पिता राहुल सेनन चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं जबकि उनकी मां गीता सेनन दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली से स्कूली शिक्षा हासिल की और इसके बाद नोएडा एक इंस्टीट्यूट से बीटेक किया। कॉलेज के दिनों तक कृति ने कभी नहीं सोचा था कि वह अभिनेत्री बनेंगी। वह पढ़ाई में काफी अच्छी थीं।
पढ़ाई के दौरान उनकी लंबी हाइट और आत्मविश्वास देखकर दोस्तों ने उन्हें मॉडलिंग करने की सलाह दी। शुरुआत में कृति को यह बात अजीब लगी क्योंकि उन्होंने कभी कैमरे के सामने आने के बारे में नहीं सोचा था। फिर भी उन्होंने एक बार किस्मत आजमाने की सोची। इसमें उनका साथ उनकी बहन नूपुर ने दिया। कृति के पास कोई प्रोफेशनल पोर्टफोलियो नहीं था। उन्होंने अपनी बहन से कुछ तस्वीरें खींचने के लिए कहा।
नूपुर ने घर पर ही कृति की तस्वीरें क्लिक कीं, जिसे कृति ने एक ऑनलाइन मॉडलिंग कॉन्टेस्ट के लिए भेज दिया। किस्मत ने साथ दिया और वह कॉन्टेस्ट जीत गईं। इसके बाद उन्हें मशहूर फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी के साथ पोर्टफोलियो शूट करने का मौका मिला। यही मौका उनके मॉडलिंग करियर की शुरुआत बना।
मॉडलिंग के बाद कृति ने फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया। साल 2014 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘1: नेनोक्काडाइन’ से अभिनय की शुरुआत की। इस फिल्म में वह सुपरस्टार महेश बाबू के साथ नजर आईं। इसके बाद उसी साल उन्होंने हिंदी फिल्मों में कदम रखा। टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म ‘हीरोपंती’ से उनका बॉलीवुड डेब्यू हुआ। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट फीमेल डेब्यू का पुरस्कार मिला।
इसके बाद कृति ने कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया। वह शाहरुख खान और वरुण धवन के साथ फिल्म ‘दिलवाले’, आयुष्मान खुराना और राजकुमार राव के साथ ‘बरेली की बर्फी’, कार्तिक आर्यन के साथ ‘लुका छुपी’ और अक्षय कुमार के साथ ‘हाउसफुल 4’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। ‘बरेली की बर्फी’ में उनके छोटे शहर की लड़की वाले किरदार को काफी पसंद किया गया।
कृति के करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2021 में आई फिल्म ‘मिमी’ रही। इस फिल्म में उन्होंने सरोगेट मां का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्होंने अपना वजन भी बढ़ाया और खुद को पूरी तरह किरदार में ढाला। उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई और उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला। इसके अलावा उन्होंने फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीता।
इसके बाद कृति ने लगातार अलग-अलग तरह के किरदार चुने। ‘भेड़िया’, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’, ‘क्रू’ और ‘दो पत्ती’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता दिखाई। ‘दो पत्ती’ के साथ उन्होंने बतौर निर्माता भी नई शुरुआत की और अपने प्रोडक्शन हाउस ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स की शुरुआत की। आज वह फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस में गिनी जाती है।
–आईएएनएस
पीके/पीएम