नोएडा: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार; वाहन और अवैध तमंचा बरामद

नोएडा, 24 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी तथा एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम ने गढ़ी शाहपुर कट, सेक्टर-131 नोएडा के पास घेराबंदी कर विकास कुमार, रोहित और कुलदीप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी एक संगठित अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं, जो दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और आवासीय क्षेत्रों के बाहर खड़े वाहनों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। बाद में पुलिस की पकड़ से बचने के लिए चोरी किए गए वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर घिसकर मिटा देते थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद इन वाहनों को सस्ते दामों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सेक्टर-131 स्थित यमुना डूब क्षेत्र की घनी झाड़ियों से चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की हैं। गिरोह का सरगना विकास कुमार अपने पास अवैध तमंचा और कारतूस भी रखता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दिल्ली और नोएडा क्षेत्र से कई दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था। दूसरा आरोपी रोहित बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के सलारपुर में रह रहा था, जबकि तीसरा आरोपी कुलदीप भी बुलंदशहर का निवासी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। विकास पर पहले भी आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। रोहित के खिलाफ लूट, चोरी और चोरी का सामान रखने सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि कुलदीप पर भी चोरी और सेंधमारी के मुकदमे दर्ज हैं। बरामद वाहनों में नोएडा और दिल्ली से चोरी की गई कई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें, एक टीवीएस जूपिटर स्कूटी तथा बजाज सीटी-100 शामिल है। इनमें से कुछ वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए मिले, जबकि कुछ वाहनों के संबंध में दिल्ली और नोएडा के विभिन्न थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-126 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी