भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देंगे दोनों देश : नगमा मलिक


टोक्यो, 17 जुलाई (आईएएनएस)। जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक ने शुक्रवार को टोक्यो में हुई जापान-भारत संसदीय मित्रता लीग (जेआईपीएफएल) की आम बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की ओर से तय किए गए भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी दी।

टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “राजदूत ने लीग के सदस्यों को इस महीने की शुरुआत में नई दिल्ली में सफलतापूर्वक आयोजित जापान-भारत वार्षिक शिखर बैठक के परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री ताकाइची की ओर से तय किए गए महत्वाकांक्षी भविष्य के लक्ष्यों के बारे में भी बताया। दोनों देश राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ की तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर राजदूत ने दोनों देशों के बीच संसदीय आदान-प्रदान और बातचीत को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि जापान-भारत विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाया जा सके।”

हाल ही में अपनी भारत यात्रा के दौरान जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा था कि वह और प्रधानमंत्री मोदी भारत-जापान संबंधों को और ऊंचाई तक ले जाएंगे।

इस महीने की शुरुआत में नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई 16वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री ताकाइची ने दोनों देशों के संबंधों के कई अहम पहलुओं पर चर्चा की। इनमें व्यापार और निवेश, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, नई तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दे शामिल थे। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की।

बैठक के बाद दोनों नेताओं ने आर्थिक सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण तकनीकों और शोध एवं विकास से जुड़े कई समझौतों और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के आदान-प्रदान को देखा।

भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ताकाइची ने कहा कि उनके द्वारा समर्थित ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक (एफओआईपी)’ और प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन वाले ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन्स) का उद्देश्य एक ही है। दोनों का लक्ष्य हिंद प्रशांत क्षेत्र को ऐसा समृद्ध समुद्री क्षेत्र बनाना है, जहां स्वतंत्रता और खुशहाली का आनंद लिया जा सके।

–आईएएनएस

एवाई/वीसी


Show More
Back to top button