बिहार : शेखपुरा में जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में पहुंचे 43 फरियादी, समस्याओं के जल्द समाधान का दिया निर्देश

शेखपुरा, 17 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले के समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में आयोजित ‘जनता दरबार’ में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
इनमें बुजुर्ग और जरूरतमंदों की संख्या अधिक रही। जनता दरबार में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिला पदाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों की शिकायतों को जिला पदाधिकारी ने एक-एक करके सुना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का तय समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को समय पर न्याय दिलाना और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है।
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े रहे। पिंजड़ी गांव के रमाकांत सिंह ने जन वितरण प्रणाली के तहत कम राशन मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, जमीन की मापी कराने, जमीन के दस्तावेजों में खाता, खसरा और क्षेत्रफल दर्ज कराने, भू-राजस्व से जुड़े मामलों के निपटारे, जमीन पर अवैध कब्जे की रोकथाम और जमीन से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने और चांदनी पटेल को परवरिश योजना का लाभ दिलाने से जुड़े आवेदन भी आए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित आवेदनों की जांच कर जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
इसके अलावा, नए चापाकल लगाने, सिंचाई के लिए बिजली के खंभे और तार उपलब्ध कराने, विद्यालय में खेल मैदान निर्माण, घर से जुड़े मामलों, प्राथमिकी दर्ज कराने और आम रास्तों से अवरोध हटाने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण योजना का लाभ दिलाने, ऋण माफी और भरण-पोषण से जुड़े मामलों पर भी जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा।
“सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित जनता दरबार में दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग समस्याएं लेकर पहुंचे। मौके पर समस्याओं के समाधान की पहल से आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच) संजय कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जनता दरबार प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सहित जिला स्तर के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
–आईएएनएस
एसएचके/एबीएम