उत्तराखंड: श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में उत्कृष्ट सुरक्षा सेवाओं के लिए एटीएस टीम सम्मानित


चमोली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाली एटीएस (आतंकवाद विरोधी दस्ता) उत्तराखंड पुलिस की टीम को शुक्रवार को उनकी ड्यूटी पूर्ण होने पर श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट द्वारा सम्मानपूर्वक सम्मानित एवं भावभीनी विदाई दी गई।

19 मई 2026 से लेकर अब तक एटीएस टीम द्वारा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर लगातार मुस्तैदी के साथ सुरक्षा दायित्वों का निर्वहन किया गया। यात्रा के पीक सीजन में लाखों श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने में टीम ने उच्च स्तर की सतर्कता, समर्पण एवं पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधक सेवा सिंह व चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह की उपस्थिति में एटीएस टीम के अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति-पत्र, सिरोपा एवं पवित्र प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के मैनेजर सेवा सिंह ने एटीएस टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा अवधि में टीम ने अत्यंत जिम्मेदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी सतत मौजूदगी एवं सतर्कता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ तथा यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह ने भी एटीएस टीम द्वारा यात्रा अवधि में दिए गए सहयोग एवं समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के कारण यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकी।

एटीएस टीम ने भी हेमकुंड साहिब ट्रस्ट, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button