बुलंदशहर और मऊ में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। यूपी के बुलंदशहर जिले में मवेशी चोरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
सिकंदराबाद के सीओ दीपक कुमार ने बताया कि 4 जुलाई को गुलावठी पुलिस स्टेशन को एक मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ चोर मवेशी बाजार के पास एक गाड़ी में भैंस लादने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम मौके पर पहुंची। खुद को घिरा हुआ देखकर संदिग्धों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।
सीओ के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके अलावा पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी गोलीबारी के बाद भागने में सफल रहा। उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घायल आरोपी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इन्होंने थाना गुलावटी और अगौता में पशु चोरी की है। इसके अलावा, अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। घायल आरोपी वसीम के खिलाफ पशु चोरी व अन्य धाराओं के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और बाकी आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और पिकअप गाड़ी के साथ दो भैंस बरामद की गई हैं। इस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, मऊ पुलिस ने चोरी के आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर दिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। जिला अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल चेन छीनने के एक आरोपी को शुरुआती इलाज के बाद पीजीआई आजमगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने की चेन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
–आईएएनएस
एसडी/डीकेपी