संत कबीर दास की जयंती पर नितिन गडकरी और नीतीश कुमार समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। संत कबीर दास की जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत देशभर के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “संत कबीर दास जी के जयंती दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। कबीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।”

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कबीर जयंती के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। संत कबीर हिंदी साहित्य के भक्ति काल के महान कवि थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से अपने समय में समाज में व्याप्त कुरीतियों का विरोध किया। संत कबीर का जीवन दर्शन और उनकी काव्य रचना प्रेरणादायक है और हम सभी के लिए अनुकरणीय है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता संत कबीर दास की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कबीर जी की अमर वाणी समाज को अंधविश्वास और आडंबरों से दूर रहकर सत्य, प्रेम, समानता और मानवीय मूल्यों के पथ पर चलने की प्रेरणा देती है। उनके विचार सदैव समाज में सद्भाव, समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते रहेंगे।”

इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संत कबीर दास को भक्ति आंदोलन का अग्रदूत और सामाजिक समरसता का प्रखर प्रवक्ता बताया। संत कबीर दास की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए भजनलाल ने लिखा, “उनकी अमर वाणी और जीवन दर्शन ने समाज को सदैव समानता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। मानवता को सर्वोपरि मानने का उनका संदेश आज भी समरस एवं जागरूक समाज के निर्माण में पथप्रदर्शक है।”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “संत परंपरा के महान संत, समाज सुधारक और निर्गुण भक्ति धारा के प्रणेता संत कबीर दास जी की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दोहे, विचार और मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button