टीईटी पेपर लीक से लेकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील तक, केंद्र पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद


सहारनपुर, 28 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले, भरत तिवारी एनकाउंटर, भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों सहित कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि युवाओं और छात्रों से जुड़े गंभीर सवालों का समाधान नहीं किया जा रहा है।

महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले पर इमरान मसूद ने कहा कि बार-बार परीक्षा पत्र लीक होना गंभीर चिंता का विषय है। यह पूरी तरह सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। इस परीक्षा में लगभग पांच लाख अभ्यर्थी शामिल थे और प्रत्येक अभ्यर्थी का कम से कम एक हजार रुपए का खर्च होता है। लाखों छात्रों के साथ आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। हर बार एसआईटी या सीबीआई जांच की घोषणा कर दी जाती है, लेकिन परिणाम सामने नहीं आते और छात्रों का भविष्य लगातार प्रभावित होता है। सरकार परीक्षा जैसी बुनियादी व्यवस्था को भी सुरक्षित तरीके से संचालित नहीं कर पा रही है। यह सरकार की प्रशासनिक विफलता है और इससे युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है।

इमरान मसूद ने कहा कि देश में बेरोजगारी, शिक्षा और युवाओं के भविष्य जैसे वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सांप्रदायिक मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है। हर समस्या को हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से प्रस्तुत किया जाता है, जिससे असली मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि ऐसे मामलों में बिना न्यायिक प्रक्रिया के कार्रवाई होती है तो अदालतों की भूमिका और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

ईरान और आर्मेनिया के बीच संघर्षविराम टूटने की खबरों पर मसूद ने कहा कि ऐसे घटनाक्रम अब लगातार देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह सिलसिला बार-बार दोहराया जा रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर बोलते हुए इमरान मसूद ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के हितों के बजाय अमेरिका को लाभ पहुंचाने वाली नीतियां अपनाई जा रही हैं। ट्रेड डील का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि भारत पर अधिक टैरिफ का बोझ डाला जा रहा है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था और व्यापारिक हित प्रभावित होंगे। ट्रेड डील के अंदर 18 फीसदी टैरिफ हिंदुस्तान देगा। जो जीरो था, अब 18 फीसदी देगा। हिंदुस्तान को लूटा जा रहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संभावित भारत दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि जब भी वे भारत आएंगे तो भारत से लाभ लेकर जाएंगे, भारत को कोई विशेष फायदा नहीं होगा।

–आईएएनएस

पीएसके/वीसी


Show More
Back to top button