देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के बीच कोई तीसरा नहीं आ सकता: उदय सामंत


मुंबई, 27 जून (आईएएनएस)। एक फ्लाइट में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की एक साथ यात्रा किए जाने पर राजनीति तेज हो गई है। इसे लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री उदय सामंत ने कहा कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के बीच कोई तीसरा नहीं आ सकता है।

उद्धव ठाकरे शुक्रवार को अपने बेटे आदित्य ठाकरे, वरिष्ठ नेता संजय राउत और अनिल देसाई के साथ मुंबई से नागपुर जा रहे थे। संयोग से उसी कमर्शियल फ्लाइट में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों की अचानक मुलाकात ने महाराष्ट्र की सियासत में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया।

इन चर्चाओं के बीच मंत्री उदय सामंत ने कहा कि यह महाराष्ट्र की संस्कृति है और जो मैंने पोस्ट किया है, उसमें मैंने लिखा है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बीच तालमेल बहुत बढ़िया है। इन दोनों के बीच कोई तीसरा नहीं आ सकता है। वे दोनों बहुत सुलझे हुए नेता हैं।

उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के एक बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चार साल से यही चल रहा है, इसीलिए 100 से 20 पर आ गए। सांसदों की संख्या 9 से 3 हो गई। वे बोलते रहेंगे और हम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में आगे बढ़ते रहेंगे।

दूसरी ओर उन्होंने नवी मुंबई में आयोजित एमएसएमई समिट एवं अवॉर्ड शो के बारे में कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देना तथा इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों को सम्मानित करना है।

मंत्री ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि साल 2019 में जनता ने शिवसेना और भाजपा को बहुमत दिया था, लेकिन बाद में उद्धव ठाकरे कांग्रेस के साथ जाकर मिल गए। तब भी उन्हें माफी मांगनी चाहिए थी।

उन्होंने टीईटी परीक्षा रद्द किए जाने पर कहा कि कुछ खामियां थीं, जिसकी वजह से टेट रद्द करना पड़ा। जल्द ही परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।

इसी बीच, मीडिया से बातचीत में उद्धव ठाकरे ने कहा, “फ्लाइट में मुख्यमंत्री के साथ हमारी हाई-लेवल चर्चा हुई। शुक्रवार की बैठक में क्या बात हुई और क्या फैसला हुआ, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।”

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Show More
Back to top button