आईसीसी रैंकिंग: स्मिथ को पछाड़कर 'नंबर-1' गेंदबाज बनीं श्री चरणी

दुबई, 23 जून (आईएएनएस)। भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गई हैं। श्री चरणी को आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जिन्होंने इस संस्करण के 3 मुकाबलों में अब तक 10 विकेट हासिल किए हैं। 21 वर्षीय चरणी फिलहाल टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच में 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे, जिसके बाद न्यूजीलैंड के विरुद्ध 19 रन देकर 4 विकेट निकाले। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ चरणी ने 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ वर्ल्ड कप में धीमी शुरुआत के बाद दो स्थान खिसककर तीसरे नंबर पर आ गई हैं। साथी चार्ली डीन दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। इस बीच कई प्रमुख गेंदबाजों की रैंकिंग में भी बड़े बदलाव दिखे। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 सोफी एक्लेस्टोन चार स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गईं, जबकि वेस्टइंडीज की कप्तान हेले मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें पायदान पर आ गईं।
ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ ने सबसे बड़ी छलांग लगाई और 25 स्थान ऊपर चढ़कर टॉप 20 में जगह बना ली है। पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना 25वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने भी अच्छी बढ़त हासिल करते हुए 26वां स्थान अपने नाम कर लिया है।
हालांकि, बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप पर ज्यादा उथल-पुथल नहीं हुई। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जॉर्जिया वोल ने वर्ल्ड कप की तीन पारियों में 62 रन बनाने के बावजूद नंबर 1 की जगह बनाए रखी। ऑस्ट्रेलिया की ही बेथ मूनी ने दूसरे स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत की और टॉप पर चल रही खिलाड़ी से अपना अंतर कम कर दिया है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाली बल्लेबाजों में भारत की शेफाली वर्मा शामिल हैं, जो छठे स्थान पर पहुंच गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान ऊपर चढ़कर टॉप-10 में शामिल हो गई हैं। न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन भी 11वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि प्रेंडरगास्ट ने चार स्थान की छलांग लगाकर 13वां स्थान हासिल किया और अपना ऑल-राउंड प्रदर्शन बेहतर करना जारी रखा।
बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना भी टॉप-20 में जगह बनाकर उल्लेखनीय सुधार करने वाली खिलाड़ियों में शामिल रहीं। ऑल-राउंडर्स की रैंकिंग में टॉप पर कोई बदलाव नहीं हुआ। हेली मैथ्यूज न्यूजीलैंड की मेली केर से आगे रहते हुए इस कैटेगरी में टॉप पर बनी रहीं।
श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू तीसरे स्थान पर पहुंच गईं, जबकि प्रेंडरगास्ट और फातिमा सना एक-एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर आ गईं। साउथ अफ्रीका की मारिजैन कैप के लिए भी यह हफ्ता अच्छा रहा। भारत के खिलाफ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जैसा प्रदर्शन करने के बाद वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी