अदाणी मुंद्रा एयरपोर्ट से कच्छ को मिली नई उड़ान, 8 शहरों से जुड़कर खुलेगी आर्थिक विकास की राह

मुंद्रा (गुजरात), 23 जून (आईएएनएस)। गुजरात के कच्छ क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से अदाणी मुंद्रा एयरपोर्ट ने मंगलवार को अपनी पहली नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत मुंबई और गोवा के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की गई है।
स्टार एयर के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत शुरू की गई यह हवाई कनेक्टिविटी कच्छ को एक पूर्ण रूप से एकीकृत मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और बिजनेस हब में बदलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
मंगलवार से शुरू हुई स्टार एयर की आठ नई उड़ान सेवाएं अत्याधुनिक टर्मिनल से संचालित होंगी, जिससे व्यापार, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन के लिए यात्रा का समय काफी कम होगा और देश के सबसे बड़े बंदरगाह मुंद्रा की आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
स्टार एयर मुंद्रा को मुंबई और गोवा के अलावा हिंडन, सूरत, बेलगावी, बेंगलुरु, कोल्हापुर और नांदेड़ जैसे शहरों से भी जोड़ेगी।
इस प्रमुख एयरपोर्ट का उद्घाटन अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के निदेशक जीत अदाणी ने किया।
इस एयरपोर्ट के जरिए अदाणी ग्रुप अपने बंदरगाह और विमानन कारोबार के बीच मजबूत तालमेल स्थापित कर सकेगा। कंपनी का मानना है कि यह एयरपोर्ट कच्छ के व्यापार, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कंपनी के अनुसार, मुंद्रा एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
यहां 1,900 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है, जो विभिन्न प्रकार के यात्री और कार्गो विमानों के संचालन में सक्षम है। इसके अलावा, आधुनिक टर्मिनल में विशाल पार्किंग क्षेत्र, कई चेक-इन काउंटर, आरामदायक लाउंज और फुल-सर्विस फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
एयरपोर्ट को दिव्यांगजन अनुकूल भी बनाया गया है। यहां व्हीलचेयर सुविधा और यात्रियों के लिए विशेष ड्रॉप-ऑफ जोन की व्यवस्था की गई है।
यह हवाई संपर्क भारत के सबसे बड़े निजी बंदरगाह मुंद्रा पोर्ट और देश के सबसे बड़े अधिसूचित एवं संचालित बहु-उत्पाद मुंद्रा एसईजेड, जो भारत की आयात-निर्यात गतिविधि का मुख्य केंद्र है, की आर्थिक गतिविधियों को और मजबूत करेगा।
यह नई कनेक्टिविटी व्यापारिक माल की आवाजाही को अधिक तेज और प्रभावी बनाएगी तथा राष्ट्रीय और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद करेगी।
यह पहल अदाणी ग्रुप के उन अनुभवों का लाभ उठाएगी, जो वह देश के आठ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों – नवी मुंबई, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, मंगलुरु और गुवाहाटी – के संचालन के जरिए हासिल कर चुका है।
–आईएएनएस
डीबीपी