पश्चिमी विक्षोभ के असर से एनसीआर को गर्मी से राहत, पूरे सप्ताह 40 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान


नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में इस समय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। आसमान में बादलों की लगातार आवाजाही के कारण लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार इस पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और इसके 40 डिग्री से अधिक जाने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है, जिससे लोगों को राहत भरी स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 23 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

24 जून को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने) का अनुमान जताया है। 25 जून को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 26 जून को अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी। 27 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम आर्द्रता 55 प्रतिशत तथा न्यूनतम 45 प्रतिशत रह सकती है। वहीं 28 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के चलते एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। इसके कारण तेज धूप और लू का प्रभाव कम हुआ है। साथ ही सप्ताह के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से अतिरिक्त राहत मिल सकती है।

फिलहाल मौसम विभाग ने 23 जून से 28 जून तक के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहने की उम्मीद है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह सप्ताह राहत लेकर आया है, क्योंकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास सीमित रहने का अनुमान है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस


Show More
Back to top button