मथुरा में साधु के वेष में आये व्‍यक्ति ने पांच साल के बच्चे को पीट-पीटकर मार डाला


मथुरा (यूपी), 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने एक पांच साल के लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आदमी बच्चे को बार-बार जमीन पर पटकता दिख रहा है।

पुलिस ने साधु के भेष में आए हमलावर की पहचान 52 वर्षीय ओम प्रकाश के रूप में की है। हमले का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।

खबरों के मुताबिक, आरोपी सप्तकोसी यात्रा कर रहा था।

बच्चे के पिता यात्रा मार्ग पर जनरल स्टोर चलाते हैं।

पुलिस ने बताया कि अज्ञात कारणों से ओमप्रकाश ने नाबालिग को उठाकर कई बार जमीन पर पटका।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले करने से पहले उसकी पिटाई की।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) त्रिगुण बिसेन ने कहा, “अस्‍पताल में उसकी हालत स्थिर होने पर आरोपी से पूछताछ के बाद हत्‍या का मकसद स्पष्ट हो जाएगा।”

–आईएएनएस

एकेजे


Show More
Back to top button