नीट-यूजी री-एग्जाम संपन्न: छात्रों ने फिजिक्स को बताया कठिन, सुरक्षा व्यवस्थाओं को सराहा

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर रविवार को नीट यूजी री-एग्जाम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र के लेवल, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों पर किए गए इंतजामों को लेकर प्रतिक्रिया दी। अधिकांश छात्रों का कहना था कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान या मध्यम स्तर के थे, जबकि फिजिक्स का पेपर सबसे चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।
कर्नाटक के बेंगलुरु में परीक्षा देकर बाहर निकले एक छात्र ने कहा कि फिजिक्स का पेपर काफी कठिन था, जबकि बाकी विषयों का पेपर संतुलित रहा। छात्र ने बताया कि वह पिछली परीक्षा में क्वालिफाई कर चुका था, लेकिन इस बार फिजिक्स की कठिनाई को देखते हुए परिणाम को लेकर कुछ भी कहना मुश्किल है।
एक अन्य छात्र ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार पेपर बेहतर रहा। हालांकि, फिजिक्स सेक्शन में उसे कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं, एक छात्रा ने बताया कि कुल मिलाकर पेपर ठीक था, लेकिन फिजिक्स का स्तर पिछले प्रश्नपत्र की तुलना में अधिक कठिन महसूस हुआ।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में परीक्षा देकर निकले छात्रों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। एक परीक्षार्थी ने कहा कि पेपर अच्छा था और किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उसके अनुसार बायोलॉजी आसान, जबकि फिजिक्स अपेक्षाकृत कठिन था।
एक छात्रा ने कहा कि परीक्षा ठीक गई है। हालांकि उसे चयन को लेकर बहुत अधिक उम्मीद नहीं है। वहीं, दूसरी छात्रा ने विश्वास जताया कि उसके चयन की संभावना है। छात्रों ने केंद्रों पर सुरक्षा और प्रबंधन को संतोषजनक बताया।
जम्मू में परीक्षा देने वाले छात्रों ने कहा कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन में काफी सुधार देखने को मिला। एक छात्र ने कहा कि परीक्षा अच्छी रही और व्यवस्थाएं बेहतर थीं। एक छात्रा ने बताया कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री का पेपर ठीक था, लेकिन फिजिक्स काफी कठिन रहा। एक अन्य छात्र ने कहा कि पेपर संतोषजनक रहा और अब सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं। कई अन्य छात्रों ने भी फिजिक्स को सबसे चुनौतीपूर्ण विषय बताया।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक छात्रा ने कहा कि पिछली परीक्षा का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान था, जबकि इस बार का पेपर काफी मुश्किल रहा। उसके अनुसार बायोलॉजी और केमिस्ट्री ठीक थे, लेकिन फिजिक्स ने सबसे ज्यादा चुनौती दी। एक अन्य छात्र ने भी कहा कि फिजिक्स का स्तर पिछली परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन था, जबकि बाकी विषय संतुलित थे।
नोएडा में परीक्षा देने वाली एक छात्रा ने कहा कि पेपर मुश्किल जरूर था, लेकिन इतना भी कठिन नहीं था कि उससे बहुत बड़ा अंतर पड़ जाए। उसने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) आमतौर पर चुनौतीपूर्ण प्रश्नपत्र तैयार करती है और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिला। छात्रा ने कहा कि पेपर लीक को लेकर पहले निराशा थी, लेकिन दोबारा परीक्षा होने के बाद अब उसे संतोष है। वहीं, एक छात्र ने कहा कि प्रश्नपत्र न तो बहुत आसान था और न ही बहुत कठिन, हालांकि फिजिक्स सेक्शन में कुछ सवाल चुनौतीपूर्ण थे।
एक अन्य छात्र ने बताया कि पेपर अच्छा, लेकिन काफी लंबा था। उसने कहा कि फिजिक्स में कॉन्सेप्ट आधारित और न्यूमेरिकल प्रश्नों पर ज्यादा जोर दिया गया था। छात्र ने कहा कि पिछली परीक्षा में स्टेटमेंट-बेस्ड प्रश्न अधिक थे, जबकि इस बार ऐसे प्रश्न अपेक्षाकृत कम देखने को मिले। अन्य छात्रों ने भी बायोलॉजी और केमिस्ट्री को संतुलित तथा फिजिक्स को कठिन बताया।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में परीक्षा देने वाली एक छात्रा ने कहा कि पेपर अच्छा था और पिछली परीक्षा की तुलना में बेहतर अनुभव रहा। उसने बताया कि फिजिक्स कुछ कठिन था, लेकिन कुल मिलाकर परीक्षा अच्छी रही और अब उसे सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।
कर्नाटक के दावणगेरे में एक छात्रा ने कहा कि परीक्षा अच्छी रही, लेकिन पिछली बार की तुलना में फिजिक्स अधिक कठिन लगा। उसने बताया कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री के स्तर सामान्य थे और कुल मिलाकर उसका पेपर अच्छा गया है।
–आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी