विरासत और विकास के समन्वय से आगे बढ़ रहा नया भारत: शिवराज सिंह चौहान

पटना, 17 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि नया भारत विरासत और विकास के समन्वय से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और गौरव को भी संरक्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रीय गौरव का नया इतिहास रचा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश निराशा और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई दिशा और नई गति प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ केंद्र सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार किया है। कश्मीर से धारा 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंधु जैसे कदमों ने दुनिया को भारत की नई ताकत का परिचय कराया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि गरीब कल्याण है। उन्होंने बताया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा 60 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। देश में 81 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि 58 करोड़ जनधन खातों ने वित्तीय समावेशन को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कभी खाद्यान्न आयात करने वाला भारत आज आत्मनिर्भर कृषि अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत यूपीआई लेनदेन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया का अग्रणी देश बन गया है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है और भारत अब रक्षा उपकरणों का बड़ा निर्यातक बन चुका है। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाना है।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी