बॉक्सिंग वर्ल्ड कप: दूसरे दिन ज्योति, प्राची और निखिल की जीत, अगले दौर में जगह बनाई

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। बॉक्सिंग वर्ल्ड कप (स्टेज 2) के दूसरे दिन भारतीय मुक्केबाज ज्योति, प्राची और निखिल ने दमखम दिखाते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। ये मुक्केबाज चीन के गुइयांग शहर में स्थित गुइयांग ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम में जारी प्रतियोगिता के अगले दौर में पहुंच गए हैं।
महिलाओं की 57 किलोग्राम कैटेगरी में प्राची ने यूएसए की डेबोरा ग्रांट को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर प्रतियोगिता में आगे का सफर तय किया।
महिलाओं की 48 किलोग्राम कैटेगरी में ज्योति ने मंगोलिया की एंख अमगलन नोमुंदारी को दूसरे राउंड में ‘रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट’ (आरएससी) फैसले से हराया। इस अहम जीत के साथ, ज्योति सेमीफाइनल में पहुंच गईं और देश के लिए एक मेडल पक्का कर लिया।
पुरुषों की 55 किलोग्राम कैटेगरी में निखिल ने फ्रांस के क्रिस्टोफर हिप्पोक्रेट के खिलाफ कड़े मुकाबले में 3-2 के ‘स्प्लिट डिसीजन’ से जीत हासिल की।
दूसरे दिन अन्य मुकाबलों में, पूनम (54 किलोग्राम) को चीनी ताइपे की शियाओ वेन हुआंग से 2-3 के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा, जबकि आकाश (75 किलोग्राम) पोलैंड के माटेउज अर्बन के हाथों 2-3 के अंतर से हार गए। महिलाओं की 70 किलोग्राम कैटेगरी में गीतिमोनी भी फ्रांस की माएलीस रिचोल से 0-5 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन पांच भारतीय मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे। निखिल (55 किलोग्राम) ब्राजील के केल्वी ट्रिंडाडे के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेंगे, जबकि दीपक (70 किलोग्राम) का मुकाबला जापान के सेवोन ओकाजावा से होगा। मालसावम्टलुंगा (80 किलोग्राम) जॉर्डन के अशाईश हुसैन का सामना करेंगे।
महिला वर्ग में, सनेह (65 किलोग्राम) का मुकाबला साउथ कोरिया की सियोन सुजिन से होगा, जबकि माही लामा (60 किलोग्राम) मंगोलिया की मोंखोर नामुन से भिड़ेंगी।
भारतीय मुक्केबाजों के परिणाम:
प्राची (57 किलोग्राम-विमेंस) ने डेबोरा ग्रांट (यूएसए) को 5-0 से हराया।
निखिल (55 किलोग्राम) ने क्रिस्टोफर हिप्पोक्रेट (फ्रांस) को 3-2 से हराया।
ज्योति (48 किलोग्राम- विमेंस) ने एनख अमगलान नोमुंडरी (मंगोलिया) आरएससी फैसले से हराया।
दौर 2
पूनम (54 किलोग्राम- विमेंस) सियाओ वेन हुआंग (चीनी ताइपे) से 2-3 से हार गईं।
आकाश (75 किलोग्राम) माटुस्ज अर्बन (पोलैंड) से 2-3 से हार गए।
गिटिमोनी (70 किलोग्राम- विमेंस) मेलीज रिचोल (फ्रांस) से 0-5 से हार गईं।
–आईएएनएस
आरएसजी