विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: अर्धशतक चूकीं अमेलिया-सोफी, न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को दिया 151 रन का टारगेट

साउथेम्प्टन, 16 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ रोज बाउल में खेले जा रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मैच में जीत के लिए 151 रन का टारगेट रखा है। टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन का अहम योगदान रहा।
न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन पहले ही ओवर में इस टीम को बड़ा झटका लगा। पारी की तीसरी गेंद पर इसाबेला गेज अपना विकेट मिताली अयोध्या को दे बैठीं। गेज टीम के खाते में सिर्फ 4 रन का योगदान दे सकीं। इसके बाद अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिम्मर के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।
जॉर्जिया 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 18 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद केर ने सोफी डिवाइन के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 43 रन जोड़े। कप्तान केर 36 गेंदों में 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
यहां से सोफी डिवाइन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ब्रूक हॉलिडे (7) के साथ 13 रन, जबकि मैडी ग्रीन के साथ 30 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्व स्कोर तक पहुंचाया। डिवाइन ने 30 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 45 रन बनाए, जबकि ग्रीन 13 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की तरफ से काशवी दिलहारी ने 2 विकेट निकाले। मिताली अयोध्या, सुगंधिका कुमारी, चामरी अट्टापट्टू और निमाशा मीपेज ने 1-1 विकेट हासिल किए।
अमेलिया केर की कप्तानी में इंग्लिश टीम इस मैच में इसाबेला गेज (विकेटकीपर), जॉर्जिया प्लिमर, सोफी डिवाइन, ब्रुक हैलिडे, मैडी ग्रीन, इजी शार्प, जेस केर, नेंसी पटेल, रोजमेरी मेयर और ब्री इलिंग के साथ मैदान पर उतरी है।
वहीं, श्रीलंकाई टीम में चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), विश्मी गुणरत्ने, हसनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, काव्या कविंदी, मिताली अयोध्या और निमाशा मीपेज शामिल हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी