मुरादाबाद में बस ने बाइक सवारों को रौंदा, 3 की मौत, 1 गंभीर


लखनऊ, 16 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रोडवेज बस ने बाइक सवार चार लोगों को रौंद दिया है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह घटना सोमवार मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में घटी।

हादसा दिल्ली बाईपास स्थित गागन नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और बेकाबू रोडवेज बस ने आगे चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग बस की चपेट में आ गए। हादसे में तीन वर्षीय दानियाल, युवती मंतशा और महिला सिमरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दानियाल, मंतशा और सिमरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जुनैद का उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी पीड़ित संभल जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि संभल का रहने वाला जुनैद पत्नी, साली और एक छोटे बच्चे के साथ बाइक से कानपुर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं मामले से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

–आईएएनएस

डीके/वीसी


Show More
Back to top button