ऑडियो रिकॉर्डिंग में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को आईआरजीसी की चेतावनी

लंदन, 14 जून (आईएएनएस)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास चल रहे जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने के खिलाफ चेतावनी दी है। इससे जुड़ा सार्वजनिक समुद्री रेडियो चैनल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आया है।
जलडमरूमध्य के पास मौजूद एक व्यावसायिक जहाज के चालक दल के सदस्य द्वारा शिन्हुआ को उपलब्ध कराई गई इस रिकॉर्डिंग में सुनाई देता है कि आईआरजीसी नौसेना ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में संचालित सभी जहाजों को संबोधित करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और जलडमरूमध्य के भीतर किसी भी जहाज की आवाजाही से सख्ती से निपटा जाएगा।
रिकॉर्ड किए गए संदेश में कहा गया, “आपकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए अगली सूचना तक होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी प्रकार की आवाजाही से पूरी तरह बचें।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को कहा कि ईरान के साथ एक शांति समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर होने वाले हैं और इसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल दिया जाएगा।
इस बीच, अमेरिकी सेना ने शुक्रवार देर रात कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बना रहे कई ईरानी ड्रोन मार गिराए हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है और वैश्विक तेल तथा प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए एक प्रमुख रास्ता माना जाता है। बढ़ते तनाव और व्यावसायिक जहाजों पर हमलों के कारण हाल के महीनों में इस मार्ग से होने वाला समुद्री यातायात काफी कम हो गया है।
इंटरनेशनल मेरीटाइम आर्गेनाइजेशन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 11 जून तक होर्मुज जलडमरूमध्य और व्यापक मध्य-पूर्व क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी से जुड़ी 46 घटनाओं की पुष्टि हुई है, जिनमें 14 नाविकों की मौत हुई है।
इंटरनेशनल मेरीटाइम आर्गेनाइजेशन ने बुधवार को एक टैंकर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी, जिसमें कथित तौर पर तीन नाविकों की मौत हो गई थी। बाद में अमेरिकी सेना ने पुष्टि की कि यह हमला उसी ने किया था।
–आईएएनएस
एएमटी/पीएम