हसरंगा-चमीरा का चला जादू, श्रीलंका ने दूसरे टी20 में वेस्टइंडीज को 37 रनों से हराया

जमैका, 14 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका ने रविवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 37 रनों से हरा दिया। किंग्स्टन (जमैका) के सबीना पार्क स्टेडियम में श्रीलंका से मिले 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी कैरेबियाई टीम सिर्फ 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ब्रैंडन किंग महज 2 रन बनाकर आउट हुए, तो कप्तान शाई होप (6 रन) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने मिलकर 46 गेंदों में 81 रनों की अहम साझेदारी निभाई। हेटमायर ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 36 रनों की पारी खेली। वहीं, पॉवेल 26 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर महेश तीक्षणा का शिकार बने।
शेरफेन रदरफोर्ड सिर्फ 14 रन ही बना सके, जबकि रोस्टन चेज ने 17 रनों का योगदान दिया। मैथ्यू फोर्डे 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो अकील हुसैन ने 6 गेंदों में 14 रन बनाए। शेमार जोसेफ 11 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से दुष्मंत चमीरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट निकाले। वहीं, वानिंदु हसरंगा ने भी 3 विकेट चटकाए। दुनिथ वेल्लालगे ने 2 विकेट निकाले, तो तीक्षणा ने एक विकेट झटका।
इससे पहले, श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 194 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से कामिल मिशारा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। वहीं, दासुन शनाका ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 58 रन बनाए। शनाका ने 241 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए। वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में शेमार जोसेफ ने 32 रन देकर 3 विकेट चटकाए, तो मैथ्यू फोर्डे ने 2 विकेट निकाले।
–आईएएनएस
एसएम/वीसी