फर्रुखाबाद: चेकिंग के दौरान पुलिस की गैंगस्टर से मुठभेड़, आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

फर्रुखाबाद, 11 जून (आईएएनएस)। फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना पुलिस की बुधवार रात चेकिंग के दौरान कन्नौद जिले के रहने वाले एक गैंगस्टर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। इलाज के लिए आरोपी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कंपिल थाना पुलिस की ओर से बुधवार की मध्य रात्रि कटिया चौराहे पर चेकिंग की जा रही थी। पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता हुआ दिखाई दिया। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और बाइक की गति तेज कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने घेरकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। इससे वह व्यक्ति घायल हो गया उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविदास उर्फ करिया जनपद कन्नौज का निवासी बताया है। पहले वह छोटी मोटी घटनाएं कर चुका है। यहां भी वह कोई घटना करने की फिराक में था। संदिग्ध से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बाइक भी दिल्ली से चोरी करना उसने बताया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उस पर चोरी, गैंगस्टर सहित करीब 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। मामले में कंपिल पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
बीती रात पुलिस ने बुलंदशहर और सुल्तानपुर में भी मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को ढेर कर दिया।
वहीं खुर्जा नगर पुलिस और शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ की भी खबर सामने आई है। पुलिस की गोली लगने से खुर्जा के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला मनोज उर्फ बब्बल घायल हो गया। बदमार के पास से पुलिस ने तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद किया है।
–आईएएनएस
एसडी/वीसी