'साड्डी सुन' में पगड़ी पहन नए अंदाज में नजर आए एल्विश यादव, बोले- यह मेरे करियर का खास अनुभव


मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेता एल्विश यादव अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘साड्डी सुन’ को लेकर चर्चा में हैं। इस गाने में एल्विश पहली बार पगड़ी पहने हुए सरदार लुक में नजर आ रहे हैं।

अभिनेता का यह नया अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है और खुद एल्विश भी इसे अपने लिए एक खास और एकदम नया अनुभव मानते हैं।

एल्विश यादव ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार इस लुक में खुद को आईने में देखा, तो उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए पूरी तरह से अलग लुक है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को भी उनका यह नया रूप पसंद आएगा।

एल्विश ने बताया, “जब मैंने पहली बार खुद को आईने में इस लुक में देखा, तो मुझे बहुत खुशी हुई। यह मेरे लिए बिल्कुल अलग अवतार है और उम्मीद है कि मुझे इस किरदार में देखना दर्शकों को पसंद आएगा। मैं इस अवसर के लिए अंशुल सर का आभारी हूं और वीडियो को लेकर उत्साहित हूं और बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

म्यूजिक वीडियो में एल्विश के साथ अभिनेत्री सिमरत रंधावा भी नजर आ रही हैं। उन्होंने गाने की तारीफ करते हुए कहा कि ‘साड्डी सुन’ एक बेहद प्यारा और दिल को छू लेने वाला गीत है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए शानदार अनुभव रहा।

‘साड्डी सुन’ को हर्ष नुस्सी और दीप क्लेयर ने गाया, लिखा और कंपोज किया है। यह गाना रिलीज से पहले ही अपने ऑडियो वर्जन के जरिए सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो चुका था। गाने को श्रोताओं का अच्छा समर्थन मिला, जिसके बाद इसका वीडियो रिलीज किया गया।

सिंगर और कंपोजर हर्ष नुस्सी ने कहा कि गाने के ऑडियो को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने बताया कि पूरी टीम ने इस गाने को बहुत प्यार और मेहनत से तैयार किया है और अब उन्हें उम्मीद है कि वीडियो को भी दर्शक उतना ही प्यार देंगे।

प्ले डीएमएफ के बैनर तले अंशुल गर्ग द्वारा निर्मित ‘साड्डी सुन’ का वीडियो बुधवार को रिलीज किया गया।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम


Show More
Back to top button