सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर पवन कल्याण ने पीएम मोदी को दी बधाई, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की सराहना की।
पवन कल्याण ने अपने संदेश की शुरुआत देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियों के साथ की। उन्होंने लिखा, “मातृभूमि के सम्मान के लिए, कर्मभूमि के कल्याण के लिए, राष्ट्र को समर्पित जीवन। यही भावना प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार की नेतृत्व यात्रा की पहचान रही है।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 4,399 दिनों से देश की निस्वार्थ सेवा की है।
पवन कल्याण ने कहा कि 12 साल पहले देश ने एक निर्णायक नेतृत्व को चुना था और आज भारत पहले की तुलना में अधिक मजबूत, सुरक्षित, समृद्ध और आत्मविश्वासी बनकर उभरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को देश के विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमुख कारण बताया।
पवन कल्याण ने कहा कि एनडीए सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ सशस्त्र सेनाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। इसके अलावा भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने जी20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी, ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखने और भारत की अंतरराष्ट्रीय साख बढ़ाने को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
उन्होंने डिजिटल इंडिया, जन धन-आधार-मोबाइल (जैम) ट्रिनिटी, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश में बड़े स्तर पर बदलाव लाया है। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने हाईवे, रेलवे, एयरपोर्ट, बंदरगाह और वंदे भारत ट्रेनों सहित बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए विकास को अभूतपूर्व बताया।
आंध्र प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए पवन कल्याण ने कहा कि राज्य ‘स्वर्ण आंध्र 2047’ के लक्ष्य के तहत 2.4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश, ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में एक मजबूत भागीदार की भूमिका निभाने पर गर्व महसूस करता है।
उन्होंने पोस्ट के अंत में कहा कि भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। देश की अनेक भाषाएं और संस्कृतियां उसकी पहचान हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विभाजनकारी शक्तियों का विरोध करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
–आईएएनएस
एमटी/डीकेपी