अंडर-18 हॉकी एशिया में पुरुष और महिला टीम ने लहराया तिरंगा, केंद्रीय खेल मंत्री मांडविया ने सम्मानित किया

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को सम्मानित किया। सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मांडविया ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपए, जबकि महिला टीम को 21 लाख रुपए का चेक सौंपा।
काकामिगाहारा में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में कप्तान केतन कुशवाहा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। दूसरी तरफ, कप्तान स्वीटी कुजुर के नेतृत्व वाली भारतीय महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में कोरिया पर 3-0 की शानदार जीत दर्ज की।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पुरुष और महिला दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “देश का नाम रोशन करने के लिए दोनों टीमों ने जो कड़ी मेहनत की है, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। पूरा देश आप पर गर्व करता है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि यह तो बस शुरुआत है। कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल रोके हैं, उसे विपक्षी टीम को एक भी गोल न करने देने का लक्ष्य रखना चाहिए। चाहे आप पढ़ाई करें या खेल, पूरी लगन होनी चाहिए। अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करते रहें और अपने माता-पिता और शुभचिंतकों को खुश करते रहें, यही आपका लक्ष्य होना चाहिए।”
मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित भारत को एक खेल महाशक्ति में बदलने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
खेल मंत्री ने पुरुष और महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और नौशीन नाज और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आयुष राजक को भी सम्मानित किया, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 10 गोल बचाए।
खेल मंत्री ने भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल और सरदार सिंह को भी सम्मानित किया, जो क्रमशः अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीमों के कोच के रूप में कार्यरत हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी