पानी की किल्लत को लेकर दिल्ली के करोलबाग में आम आदमी पार्टी का मटका फोड़ प्रदर्शन

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में लगातार गहराते जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। करोलबाग क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय विधायक विशेष रवि ने किया।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने मटका फोड़कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और क्षेत्र में पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और पानी की समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना था कि पिछले डेढ़ महीने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की कमी ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर करोलबाग विधायक विशेष रवि ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में पिछले डेढ़ महीने से पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे दिन में एक बार भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है और जब संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी मांगी जाती है तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।
विशेष रवि ने कहा कि दिल्ली में इस समय भाजपा की “चार इंजन वाली सरकार” है। इसके बावजूद जनता को पानी जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान सुनकर ऐसा प्रतीत होता है कि दिल्ली का प्रशासन भगवान भरोसे चल रहा है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन सरकार समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाने का काम कर रही है। शनिवार का मटका फोड़ प्रदर्शन इसी संघर्ष का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आने वाले दिनों में क्षेत्र की जल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी।
विशेष रवि ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और भाजपा सरकार को मजबूर करेगी कि वह दिल्लीवासियों को पर्याप्त और नियमित पानी उपलब्ध कराए।
–आईएएनएस
पीकेटी/वीसी