यूपी के मंत्रियों ने पीएम मोदी के रिकॉर्ड को बताया ऐतिहासिक क्षण, गिनाईं उपब्धियां

लखनऊ, 5 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सारे प्रधानमंत्रियों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के कार्यकाल का भी रिकॉर्ड टूट जाएगा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मंत्रियों ने पीएम मोदी के कार्यकाल की सराहना की और उनके रिकॉर्ड कार्यकाल के लिए बधाई दी।
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने के गौरवशाली रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई है। आज दुनिया भर में उनकी लोकप्रियता और भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्से युद्ध और अस्थिरता की चपेट में हैं, जबकि भारत विकास, उत्सव और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। यह स्थिति प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत नीतियों का परिणाम है।
वहीं, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत वर्तमान में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि यदि देश इसी विकास पथ पर आगे बढ़ता रहा तो भारत आने वाले वर्षों में भी वैश्विक आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों का उत्थान मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और उन्हें धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली।
उन्होंने कहा कि पहले किसान, गरीब, महिलाएं और युवा केवल चुनावी नारों तक सीमित रहते थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में इन वर्गों के कल्याण के लिए ठोस और प्रभावी कार्य किए गए हैं। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और अन्य कृषि कल्याणकारी कार्यक्रमों ने किसानों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने का काम किया है। सरकार ने ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में भी व्यापक कार्य किए हैं। देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है और आधुनिक लड़ाकू विमानों सहित कई रक्षा उपकरणों के निर्माण में सफलता प्राप्त की है।
उत्तर प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य में दो डिफेंस कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जो रक्षा उत्पादन और निवेश को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में किया जा रहा है, जो राज्य और देश दोनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि बुलंदशहर जैसे क्षेत्र, जो कभी पेयजल संकट से जूझते थे, आज ‘हर घर नल जल’ योजना के माध्यम से लाभान्वित हो रहे हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं ने गांवों और शहरों दोनों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
–आईएएनएस
एएसएच/एबीएम