साई सुदर्शन वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी, हम उन्हें पर्याप्त मौके देंगे: गौतम गंभीर

चंडीगढ़, 5 जून (आईएएनएस)। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम साई सुदर्शन को अभी पर्याप्त मौके देगी। गंभीर का कहना है कि सुदर्शन एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और वह हाल ही में आईपीएल 2026 में 700 से ज्यादा रन बनाकर आ रहे हैं।
गंभीर के बयान के बाद यह लगभग तय हो गया है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में नंबर तीन की पोजीशन पर सुदर्शन ही खेलते दिखाई देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए गंभीर ने कहा, “मेरा हमेशा से मानना है कि किसी भी खिलाड़ी को अपनी काबिलियत साबित करने के लिए पर्याप्त मौके मिलने चाहिए। साई सुदर्शन खराब फॉर्म में नहीं हैं और वह आईपीएल 2026 में 700 से अधिक रन बनाकर आ रहे हैं। अगर हम किसी खिलाड़ी को 4 या 5 पारियों के आधार पर जज करेंगे, तो हम टीम तैयार नहीं कर पाएंगे।”
हेड कोच ने आगे कहा, “ऐसा नहीं है कि हम अगर एक खिलाड़ी को 5 मुकाबले में आजमाएंगे, तो दूसरे को सिर्फ एक या दो मुकाबलों में मौका देंगे। हालांकि, अभी हम साई सुदर्शन के साथ जाना चाहते हैं और उन्हें पर्याप्त मौके देना चाहते हैं। वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह शानदार प्रदर्शन करके दिखाएंगे।”
सुदर्शन ने भारत के लिए अब तक कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान खेली 11 पारियों में सुदर्शन ने 27 की औसत से खेलते हुए 302 रन बनाए हैं। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सुदर्शन ने अब तक दो अर्धशतक लगाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में सुदर्शन के पास अपनी काबिलियत को साबित करने का सुनहरा मौका होगा।
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए सुदर्शन का प्रदर्शन लाजवाब रहा और उन्होंने 17 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बनाए। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।
–आईएएनएस
एसएम/एएस