बंगाल स्कूल भर्ती घोटाला: अभिषेक बनर्जी को ईडी का नोटिस, 15 जून को पूछताछ के लिए बुलाया


कोलकाता, 3 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच कर रहे ईडी ने बुधवार को अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए समन जारी किया। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को 15 जून को कोलकाता के साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को ईडी के दो अधिकारी दक्षिण कोलकाता के हरिश मुखर्जी रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास ‘शांतिनिकेतन’ पहुंचे थे, ताकि उन्हें व्यक्तिगत रूप से समन सौंपा जा सके।

हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने अधिकारियों को बताया कि अभिषेक काफी समय से उस आवास में नहीं रह रहे हैं। इसके बाद ईडी अधिकारी कालीघाट रोड स्थित उनके दूसरे आवास पहुंचे, जो उनकी बुआ और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के निकट स्थित है, लेकिन अभिषेक वहां भी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण ईडी अधिकारी उन्हें व्यक्तिगत रूप से समन नहीं दे सके।

गौरतलब है कि स्कूल भर्ती मामले में समानांतर जांच कर रही सीबीआई की चार्जशीट में भी अभिषेक बनर्जी का नाम शामिल था, हालांकि उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया था। इसी तरह ईडी की चार्जशीट में भी उनका उल्लेख किया गया है।

ईडी सूत्रों के अनुसार, मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है। 15 जून को उनका बयान दर्ज किया जाएगा।

इस बीच, अभिषेक बनर्जी को पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी ने भी 8 जून को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के लिए आरक्षित महत्वपूर्ण पदों से संबंधित एक प्रस्ताव पर तृणमूल विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित विसंगतियों से जुड़ा है।

हालांकि, 8 जून को अभिषेक बनर्जी का नई दिल्ली जाने का कार्यक्रम है, जहां वे ममता बनर्जी के साथ विपक्षी गठबंधन इंडिया की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने वाले हैं।

इसी मामले में अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को कलकत्ता हाई कोर्ट की अवकाशकालीन एकल पीठ का दरवाजा भी खटखटाया। उन्होंने हस्ताक्षर विसंगति मामले में गिरफ्तारी सहित किसी भी तरह की कठोर पुलिस कार्रवाई से संरक्षण देने की मांग की है।

मामले की सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है।

–आईएएनएस

डीएससी


Show More
Back to top button