सूर्या हत्याकांड: 25 हजार रुपए का इनामी सारिक मेवाती पुलिस के हत्थे चढ़ा

गाजियाबाद, 3 जून (आईएएनएस)। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी सारिक मेवाती को खोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सारिक मेवाती (20 वर्ष) पुत्र निवासी नवनीत विहार, खोड़ा कॉलोनी के रूप में हुई है। वह बीते कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधिकारियों द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, 28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक सूर्या पर कुछ युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल सूर्या को तत्काल उपचार के लिए नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खोड़ा थाने की पुलिस ने हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों नवाब, फरहान और अतीक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं, मुख्य आरोपी सारिक मेवाती लगातार फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि आरोपी इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर खोड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी