कुवैत एयरपोर्ट अटैक की भारत ने की निंदा, पीड़ित जनों के प्रति जताई संवेदना

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। भारत सरकार ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
आधिकारिक बयान में भारत ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही वह लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को किसी भी परिस्थिति में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमलों को तुरंत रोकने और संयम बरतने की अपील की है।
विदेश मंत्रालय ने मृतक भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत उनके साथ खड़ा है। साथ ही घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कुवैत स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
बयान के अनुसार, भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और घायल भारतीयों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। दूतावास द्वारा चिकित्सा सहायता, आवश्यक दस्तावेजी सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारत सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थित सभी भारतीय मिशनों और दूतावासों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय समुदाय की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए मिशन लगातार सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान कर रहे हैं।
बुधवार तड़के कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। कुवैत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया। दावा किया कि बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के माध्यम से “क्रूर हमले” जारी रखे गए।
इससे पहले कुवैती रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल-1 (टी1) को कई ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया, जिससे टर्मिनल भवन को भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हो गए।
–आईएएनएस
केआर/