अमेरिकी एजेंसियों ने मेक्सिको-कैलिफोर्निया ड्रग्स सुरंग का किया भंडाफोड़, 45 मिलियन डॉलर की कोकीन जब्त

वाशिंगटन, 2 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसियों ने मेक्सिको से दक्षिणी कैलिफोर्निया तक बनी एक अत्याधुनिक भूमिगत सुरंग का पता लगाया है और करीब 45 मिलियन डॉलर (लगभग 375 करोड़ रुपए) मूल्य की एक टन से अधिक कोकीन जब्त की है। अधिकारियों ने इसे एक शक्तिशाली मैक्सिकन ड्रग्स कार्टेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है।
कई महीनों तक चली निगरानी के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। जांच के दौरान अमेरिका-मेक्सिको सीमा के पास स्थित एक कथित रिटेल स्टोर के नीचे छिपे तस्करी मार्ग का पता चला। मामले में चार लोगों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह सुरंग मेक्सिको के तिजुआना शहर से शुरू होकर अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के ओटे मेसा पोर्ट ऑफ एंट्री के पास स्थित ‘बाय 4 लेस’ नामक स्टोर तक जाती थी।
करीब 1,933 फीट लंबी और 55 फीट गहरी इस सुरंग में मजबूत दीवारें, बिजली की व्यवस्था, वेंटिलेशन सिस्टम और सामान ले जाने के लिए रेल नेटवर्क भी मौजूद था।
मामले में 4 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इन पर सुरंग के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण की साजिश रचने का आरोप है।
अमेरिकी अटॉर्नी एडम गॉर्डन ने कहा, ‘इन आरोपियों के लिए सुरंग के अंत में रोशनी नहीं, बल्कि पुलिस की लाइटें और सायरन इंतजार कर रहे थे।’
जांच दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच चली। एजेंसियों ने पाया कि ‘बाय 4 लेस’ स्टोर में बहुत कम ग्राहक आते थे और उसका संचालन सामान्य दुकान जैसा नहीं था। जांचकर्ताओं ने संदिग्ध लोगों को वहां से बड़े-बड़े सूटकेस ले जाते हुए देखा था।
तलाशी के दौरान कुल 851 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कोकीन होने की पुष्टि हुई। एक ट्रक से 286.2 किलोग्राम, दूसरे ट्रक से 469.4 किलोग्राम और एक वैन से 274 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। कुल मिलाकर 1,029.6 किलोग्राम (2,269 पाउंड से अधिक) कोकीन जब्त की गई।
होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस सैन डिएगो के कार्यवाहक विशेष एजेंट प्रभारी केविन मर्फी ने कहा कि यह कार्रवाई जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल को बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि सुरंग का पता लगाना और एक टन से अधिक कोकीन की बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
जांचकर्ताओं को स्टोर के एक स्टोरेज रूम के फर्श के नीचे सुरंग का गुप्त प्रवेश द्वार मिला। यह एक हाइड्रोलिक लिफ्ट के जरिए खुलता था। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग अमेरिकी सीमा तक 1,000 फीट से अधिक दूरी तय करने के बाद मेक्सिको तक जाती थी।
अमेरिकी सीमा सुरक्षा अधिकारी जस्टिन डी ला टोरे ने कहा कि अपराधी संगठन लगातार सीमा सुरक्षा को चकमा देने के नए तरीके खोजते हैं, लेकिन सीमा की सुरक्षा में तैनात अधिकारी भी पूरी तरह सतर्क हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 1993 से अब तक दक्षिणी कैलिफोर्निया में 99 भूमिगत सुरंगों का पता लगाया जा चुका है, जिनमें 28 को अत्याधुनिक श्रेणी का माना गया है। इस क्षेत्र में अंतिम सक्रिय सुरंग 2022 में पकड़ी गई थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि सीमा पार बनाई जाने वाली ऐसी सुरंगें मैक्सिकन ड्रग्स तस्कर संगठनों के लिए अमेरिका में नशीले पदार्थ पहुंचाने का सबसे प्रभावी तरीका बन चुकी हैं। इनमें आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी आसानी से की जा सके।
–आईएएनएस
एएमटी/एएस