दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हुई बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत


नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार की शाम को राहत मिली। राजधानी दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने लंबे समय बाद ठंडी हवाओं का एहसास किया।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में शाम और रात के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया था। मौसम विभाग के मुताबिक, कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया था। ऐसे में अचानक हुई बारिश ने मौसम को काफी सुहावना बना दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण देखने को मिला। दिल्ली के कई हिस्सों में तेज गरज के साथ बारिश हुई और धूल भरी हवाओं ने भी असर दिखाया।

उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और मध्य दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया।

गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, लेकिन शाम को बारिश के बाद इसमें कमी दर्ज की गई।

आईएमडी ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे मौसम और अधिक सुहावना हो जाएगा।

हालांकि, बारिश के साथ चली तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से पेड़, बिजली की लाइनें और कमजोर ढांचे प्रभावित हो सकते हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली के उपकरणों को अनप्लग रखने की अपील की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि यह गतिविधियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने का संकेत हैं। अगले तीन से चार दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों को जलभराव वाले इलाकों से सावधान रहने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

–आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी


Show More
Back to top button