पीरियड्स पर चुप्पी तोड़ने आगे आईं ईशा कोप्पिकर, पोस्ट के जरिए महिलाओं को किया जागरूक


मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने ‘मासिक धर्म स्वच्छता दिवस’ के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने की पहल की। गुरुवार को उन्होंने खास पोस्ट के जरिए मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात करने और इस विषय से जुड़े संकोच को दूर करने का संदेश दिया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें मासिक धर्म के दौरान इस्तेमाल होने वाली स्वच्छता से जुड़ी चीजें नजर आ रही हैं। अपनी पोस्ट के जरिए उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करने का प्रयास किया।

उन्होंने लिखा, “मासिक धर्म (पीरियड्स) एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके बारे में बात करने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। कई वर्षों तक मासिक धर्म से जुड़ी बातें चुप्पी और संकोच के पीछे छिपी रहीं। अब समय आ गया है कि हम इस सोच को बदलें।”

ईशा कोप्पिकर ने आगे सभी से अपील करते हुए लिखा, “मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर आइए जागरूकता, देखभाल और खुलकर बातचीत को बढ़ावा दें, ताकि हर लड़की और महिला स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन जी सके।”

बता दें कि ‘मासिक धर्म स्वच्छता दिवस’ हर साल 28 मई को मनाया जाता है। इसको मनाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को माहवारी के दिनों में साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही, इस प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर समाज में फैली रूढ़िवादी सोच, सामाजिक वर्जनाओं और चुप्पी को तोड़ना है, ताकि महिलाएं बिना किसी डर या शर्म के अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।

28 मई को इस विशेष दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि महिलाओं में मासिक चक्र औसतन 28 दिनों का होता है, और माहवारी आमतौर पर 5 दिनों तक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मई महीने के 28 तारीख को यह दिवस चुना गया है।

ईशा कोप्पिकर की बात करें, तो इंडस्ट्री में वे पिछले कई सालों से योगदान दे रही हैं। उनकी पिछली तमिल साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ‘अयलान’ 2024 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका में शिवकार्तिकेयन थे।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button