सीएम सुवेंदु अधिकारी ने अनिक दत्ता के निधन पर जताया दुख, बोले- 'मौत के पीछे छिपे रहस्यमयी हालात की जांच करे पुलिस'


कोलकाता, 27 मई (आईएएनएस)। प्रसिद्ध बंगाली फिल्ममेकर और नेशनल अवार्ड विजेता अनिक दत्ता की अचानक हुई मौत ने पूरे पश्चिम बंगाल को झकझोर कर रख दिया है। अब इस मामले पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए अनिक दत्ता के निधन पर गहरा दुख जताया।

सीएम सुवेंदु अधिकारी ने अपने पोस्ट में लिखा, ”मशहूर फिल्ममेकर अनिक दत्ता की अचानक मौत से दुखी हूं। बंगाली सिनेमा में उनका योगदान अनमोल है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मुझे भरोसा है कि कोलकाता पुलिस उनकी अचानक मौत के पीछे छिपे रहस्यमयी हालात की जांच करेगी और उन्हें सामने लाएगी।”

खबर की मानें तो अनिक दत्ता कोलकाता के गरियाहाट इलाके में स्थित अपने घर की छत से गिर गए थे। घटना के बाद उन्हें तुरंत ढाकुरिया के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, इस घटना में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत की क्या वजह है? क्या उनका पैर फिसला, वे गलती से गिरे, या फिर इसके पीछे कोई और वजह है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

अनिक दत्ता के निधन की खबर सामने आते ही बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा, अभिनेता रुद्रनील घोष और निर्देशक अरिंदम सिल सहित कई बड़े कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘भूतेर भबिष्यत’ से अनिक दत्ता को सबसे ज्यादा पहचान मिली थी। इस फिल्म के जरिए उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था पर कड़ा कटाक्ष किया था। इसके बाद उन्होंने ‘आश्चर्य प्रदीप’, ‘मेघनाद बध रहस्य’, ‘बरुण बाबू के दोस्त’ और ‘अपराजितो’ जैसी कई फिल्मों का निर्देशन किया। ‘अपराजितो’ के लिए उन्हें साल 2024 में दो राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले थे।

अनिक दत्ता अपने बेबाक विचारों के लिए भी जाने जाते थे। कई बार उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति और सरकारी व्यवस्था पर खुलकर सवाल उठाए थे।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Show More
Back to top button