जीटी बनाम आरआर: दमदार प्रदर्शन से एलिमिनेटर मुकाबले का रुख तय करेंगे ये 5 खिलाड़ी


नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बुधवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए आपको उन पांच खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो अपने दमदार प्रदर्शन से इस मैच का नतीजा तय कर सकते हैं।

वैभव सूर्यवंशी: एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की तकदीर 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर करेगी। वैभव इस सीजन दिखा चुके हैं कि वह अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। वैभव का अगर बल्ला एलिमिनेटर मुकाबला में चला, तो सनराइजर्स हैदराबाद की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। आईपीएल 2026 में वैभव ने 14 मुकाबलों में 232 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 583 रन बनाए हैं।

यशस्वी जायसवाल: वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन पर भी एलिमिनेटर मुकाबले में हर किसी की निगाहें होंगी। यशस्वी आईपीएल 2026 में शानदार लय में दिखाई दिए हैं। इस सीजन वह 14 मुकाबलों में 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 397 रन बना चुके हैं। यशस्वी ने वैभव के साथ मिलकर आरआर की जीत की नींव रखी है और एलिमिनेटर मुकाबले में भी उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

ईशान किशन: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़े ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। ईशान के लिए यह सीजन अब तक कमाल का गुजरा है। वह 14 मुकाबलों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 569 रन बना चुके हैं। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के साथ-साथ मुश्किल पिचों और हालातों में भी ईशान ने एसआरएच की नैया को पार लगाया है।

अभिषेक शर्मा: सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एलिमिनेटर मुकाबले में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीत सकते हैं। अभिषेक इस सीजन में खेले 14 मुकाबलों में 206 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस सीजन में अब तक एक शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। अभिषेक अगर अपनी फॉर्म को एलिमिनेटर मैच में बरकरार रखने में सफल रहे, तो राजस्थान रॉयल्स की टीम मुश्किल में पड़ सकती है।

हेनरिक क्लासेन: एसआरएच के लिए आईपीएल 2026 में निरंतरता के साथ रन बनाने वाले बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन रहे हैं। क्लासेन इस सीजन 14 मुकाबलों में 159 के स्ट्राइक रेट से 606 रन बना चुके हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने छह अर्धशतक लगाए हैं। आमतौर पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्लासेन इस साल लड़खड़ाती हुई पारी को संभालते हुए भी नजर आए हैं। यही वजह है कि वह एलिमिनेटर मैच में तुरुप का इक्का बन सकते हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button