एनसीआर में भीषण हीट वेव, अगले पांच दिनों तक 45 डिग्री के पार रहेगा पारा, लू से नहीं मिलेगी निजात

नोएडा, 22 मई (आईएएनएस)। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले पांच दिनों तक लोगों को इस तपिश से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से काफी ऊपर बने रहेंगे।
विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 22 मई से 27 मई के बीच दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। रातें भी राहत नहीं देंगी और ‘वार्म नाइट’ (गर्म रात) का दौर रहेगा। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 22 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तथा न्यूनतम 31 डिग्री रहेगा। दोपहर और शाम को तेज सतही हवाएं चलेंगी और लू (हीट वेव) झुलसाएगी। रात भी गर्म रहेगी।
23 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31डिग्री रहने की संभावना है। हीट वेब के साथ दोपहर व शाम को तेज हवाएं। वहीं 24 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहने की संभावना है और लू का प्रकोप जारी रहेगा। 25, 26 व 27 मई को भी तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 के करीब बना रहेगा। दोपहर व शाम हीट वेब और तेज हवाएं, बिना किसी राहत के चलती रहेंगी।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम पारा 45 डिग्री से नीचे नहीं आएगा। वहीं, तेज सतही हवाओं का असर और भी ज्यादा महसूस किया जाएगा। इन हवाओं से राहत की बजाय ज्यादा परेशानी होगी, क्योंकि ये गर्म और शुष्क होंगी। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी-दस्त और बेहोशी के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। एनसीआर के कई सरकारी और निजी अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों वाले मरीजों की ओपीडी बढ़ गई है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच घर से न निकलने, खूब पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम