श्रीलंका की नेशनल आर्ट गैलरी से 42 प्राचीन पेंटिंग्स गायब, जांच शुरू


कोलंबो, 21 मई (आईएएनएस)। श्रीलंका की नेशनल आर्ट गैलरी से गायब हुई 42 पेंटिंग्स की जानकारी संसद को दी गई। हाल ही में जांच के दौरान रिकॉर्ड्स में इन अनमोल पेंटिग्स के लापता होने की सच्चाई सामने आई।

42 अनमोल प्राचीन पेंटिंग्स के गायब होने के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। इसकी जानकारी बुद्धशासन, धार्मिक और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुनील सेनेवी ने बुधवार को संसद में दी।

उन्होंने संसद को बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन सांस्कृतिक मामलों के निदेशक द्वारा नियुक्त सर्वेक्षण बोर्ड ने नेशनल आर्ट गैलरी में मौजूद पेंटिंग्स और मूर्तियों का फिजिकल सत्यापन किया था। इस जांच में पता चला कि 42 पेंटिंग्स लापता हैं।

एसजेबी सांसद मुजीबुर रहमान के सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि आधिकारिक रजिस्टर और स्टॉक बुक के अनुसार गैलरी में 281 पेंटिंग्स दर्ज हैं, जबकि जब उन्हें गिना गया तो 239 पेंटिंग्स ही मौजूद मिलीं। ये पेंटिंग्स कौन सी हैं, इसे लेकर फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है।

मंत्री ने बताया कि बुद्धशासन और धार्मिक मामलों के मंत्रालय के सचिव द्वारा नियुक्त जांच समिति ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

श्रीलंकाई मीडिया आउटलेट डेली मिरर के अनुसार, रिनोवेशन के चलते आर्ट गैलरी 2012 से ही बंद है। संसद में जब मंत्री से इसे खोलने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजना है कि इस साल के अंत तक इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

श्रीलंका नेशनल आर्ट गैलरी कोलंबो के सिनेमन गार्डन इलाके में स्थित देश की पहली राज्य-प्रायोजित आर्ट गैलरी है। ऑफिशियल वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, यह राष्ट्रीय संग्रहालय और विहारमहादेवी पार्क के पास स्थित है। यह श्रीलंका की पारंपरिक और समकालीन कला का एक ऐतिहासिक केंद्र है।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button