एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन ने पूरा किया स्टैनलो मेथनॉल-टू-जेट प्रोजेक्ट का प्री-फीड चरण


स्टैनलो (यूके), 18 मई (आईएएनएस)। एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन (ईईटी), जो दुनिया की अग्रणी लो-कार्बन प्रोसेस रिफाइनरी बनाने की योजना पर काम कर रही है, ने ब्रिटेन के सबसे बड़े एडवांस्ड सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) प्रोडक्शन हब्स में से एक के लिए प्री-फ्रंट एंड इंजीनियरिंग डिजाइन (प्री-फीड) चरण को पूरा कर लिया है।

कंपनी की स्टैनलो रिफाइनरी इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एकीकृत इस प्रस्तावित स्टैनलो मेथनॉल-टू-जेट (एमटीजे) प्रोजेक्ट के तहत हर साल 2 लाख टन से अधिक एडवांस्ड एसएएफ का उत्पादन किया जाएगा, जिसके लिए करीब 5.5 लाख टन प्रति वर्ष रिन्यूएबल ई-मेथनॉल और बायो-मेथनॉल फीडस्टॉक का उपयोग किया जाएगा।

एमटीजे सुविधा को स्टैनलो रिफाइनरी के साथ स्थापित करने से एसएएफ को एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन फ्यूल्स के पारंपरिक जेट फ्यूल के साथ सीधे ब्लेंड किया जा सकेगा।

मौजूदा एक्सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, जिसमें मैनचेस्टर जेट, मिडलैंड्स और यूकेओपी पाइपलाइन सिस्टम के साथ सड़क और समुद्री वितरण नेटवर्क शामिल हैं, के जरिए इस फ्यूल की आपूर्ति सीधे ब्रिटेन के एविएशन सेक्टर, बड़े एयरपोर्ट्स और एयरलाइंस तक की जा सकेगी।

रिन्यूएबल ई-मेथनॉल और बायो-मेथनॉल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई स्रोतों से प्राप्त किए जाएंगे। स्टैनलो टर्मिनल्स लिमिटेड की मौजूदा आयात और स्टोरेज सुविधाओं का उपयोग करने से प्रोजेक्ट की लागत कम होगी और कम-कार्बन वाले किफायती मेथनॉल फीडस्टॉक तक पहुंच आसान होगी।

यह परियोजना ब्रिटेन सरकार के डिपार्टमेंट फॉर ट्रांसपोर्ट के एडवांस्ड फ्यूल फंड (एएफएफ) के तहत आंशिक रूप से वित्तपोषित है, जिसके अंतर्गत इसे 25 लाख पाउंड तक की ग्रांट मिली है।

प्री-फीड स्टेज जेनेसिस कंपनी के साथ साझेदारी में पूरा किया गया। इस दौरान प्रोजेक्ट के तकनीकी और व्यावसायिक पहलुओं का मूल्यांकन किया गया, जिसमें साइट चयन, एमटीजे तकनीक की तैयारी, रिफाइनरी इंटीग्रेशन, कार्बन उत्सर्जन प्रदर्शन और पर्यावरणीय नियमों का आकलन शामिल था।

प्री-फीड स्टेज में यह पुष्टि हुई कि स्टैनलो एमटीजे प्रोजेक्ट ब्रिटेन के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद एडवांस्ड एसएएफ अवसर है।

— अध्ययन में पाया गया कि स्टैनलो मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स इस सुविधा के लिए उपयुक्त स्थान है और यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

— परमिट और मंजूरी में कोई बड़ी बाधा नहीं है।

— रिन्यूएबल मेथनॉल सप्लाई को लेकर मजबूत रुचि दिखाई दे रही है।

— प्रोजेक्ट में ऐसी कई इंटीग्रेशन संभावनाएं मौजूद हैं, जो लागत और कार्बन उत्सर्जन दोनों को कम करेंगी।

— एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन फ्यूल्स ने एसएएफ की पूरी ऑफटेक क्षमता को समर्थन देने की प्रतिबद्धता भी जताई है, ताकि ब्रिटेन के एसएएफ मैनडेट की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

प्री-फीड अध्ययन के सफल समापन के बाद अब यह प्रोजेक्ट यूके एसएएफ राजस्व निश्चितता तंत्र (आरसीएम) प्रक्रिया में भाग लेने की तैयारी कर रहा है। प्रोजेक्ट का बड़ा आकार, रिफाइनरी एकीकरण, सुरक्षित रसद और विश्वसनीय ऑफटेक संरचना दीर्घकालिक जनादेश अनुपालन को सुनिश्चित करने में सक्षम एसएएफ क्षमता प्रदान करेगी।

कंपनी इस साल के अंत तक फ्रंट-इंड इंजीनियरिंग डिजाइन (फीड) चरण शुरू करने और 2028 की शुरुआत तक फाइनल इन्वेस्टमेंट डिसीजन (एफआईडी) लेने की योजना बना रही है।

इन सभी उपलब्धियों के साथ स्टैनलो एमटीजे प्रोजेक्ट अब केवल एक अवधारणा नहीं रहा, बल्कि निवेश के लिए तैयार एक बड़े एसएएफ प्रोजेक्ट के रूप में उभर चुका है।

यह उपलब्धि एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन की फ्यूचर फ्यूल रणनीति को भी मजबूत करती है। यह प्रोजेक्ट इंग्लैंड के नॉर्थ वेस्ट क्षेत्र में कंपनी के बहु-अरब डॉलर के एनर्जी ट्रांजिशन निवेश कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे उत्तर-पश्चिम में बड़े पैमाने पर कुशल रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन द्वारा उत्तर पश्चिम में एक सुदृढ़ नियामक व्यवस्था के समर्थन से स्थापित एसएएफ उत्पादन केंद्र, ब्रिटेन की ईंधन स्थिरता और सुरक्षा तथा औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करता है। ब्रिटेन का एसएएफ मैनडेट वर्ष 2040 तक कुल जेट फ्यूल में 22 प्रतिशत एसएएफ मिश्रण का लक्ष्य तय करता है और प्रस्तावित एमटीजे सुविधा इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह प्लांट एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन को 2030 के दशक में अपनी एसएएफ जरूरतें पूरी करने में मदद करेगा और साथ ही ब्रिटेन व यूरोप के एविएशन सेक्टर के डीकार्बोनाइजेशन में भी योगदान देगा।

एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन की प्रबंध निदेशक और मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी रूथ हर्बर्ट ने कहा, “प्री-फीड पूरा होना इस बात का प्रमाण है कि स्टैनलो एमटीजे ब्रिटेन का अग्रणी एसएएफ प्रोजेक्ट है। इसे बड़े पैमाने पर संचालन के लिए तैयार किया गया है। मौजूदा ब्लेंडिंग, लॉजिस्टिक्स और ऑफटेक व्यवस्था के साथ एसएएफ उत्पादन को सीधे बड़ी रिफाइनरी प्रणाली में शामिल कर हमने जोखिम, लागत और जटिलता को काफी कम कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे ब्रिटेन एसएएफ मैनडेट के तहत अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे ऐसे प्रोजेक्ट अधिक महत्वपूर्ण होंगे जो भरोसेमंद, प्रतिस्पर्धी और बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम हों।

वहीं, जेनेसिस की प्रबंध निदेशक हेलेन कोलमैन ने कहा कि उनकी कंपनी को इस महत्वपूर्ण प्री-फीड अध्ययन में अहम भूमिका निभाने पर गर्व है।

उन्होंने कहा, “हमारी तकनीकी और सलाहकार क्षमताओं की मदद से यह साबित हुआ कि स्टैनलो मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स बड़े स्तर के एमटीजे एसएएफ प्रोजेक्ट के लिए बेहद उपयुक्त स्थान है। इस काम ने एस्सार एनर्जी ट्रांजिशन को अगले विकास चरण की ओर आत्मविश्वास के साथ बढ़ने में मदद की है।”

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button