एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने चुनौतीपूर्ण समय में खुद को साबित किया : पुण्य सलिला श्रीवास्तव


तिरुवनंतपुरम, 18 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने तिरुवनंतपुरम में एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के 60 साल होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि 1966 में स्थापित यह संगठन लंबे समय तक स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी योगदान के लिए चर्चा में रहा। इस संगठन ने जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई। इस संगठन ने नेशनल फैमिली प्लानिंग, इनोवेशन, हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स, डायग्नोस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में अलग-अलग तरह से अपनी भूमिका दर्ज कराई।

सचिव पुण्य सलिला ने कहा कि एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को बखूबी पूरा किया। इस संगठन ने हमेशा से ही जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दी। कुल मिलाकर, यह कहना गलत नहीं होगा कि एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड प्रधानमंत्री की उम्मीदों पर खरा उतरा है।

उन्होंने कहा कि एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने स्वास्थ्य क्षेत्र में मौजूदा विसंगतियों को चिन्हित कर उसे दूर करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई है। इस संगठन ने यह सुनिश्चित किया कि स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की खामी नहीं रहे। इस दिशा में एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की ओर से किया गया प्रयास प्रशंसनीय है। इस संगठन ने मरीजों की जिंदगी को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं।

इसके अलावा, उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की ओर से किए गए प्रयासों को भी रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने स्वास्थ्य सामग्रियों को जरूरी स्थानों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे संवेदनशील समय के दौरान इस संगठन ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में स्वास्थ्य सामग्रियों को पहुंचाने का काम किया। किसी भी संस्था की पहचान इसी बात से होती है कि उसने किसी चुनौतीपूर्ण समय में कैसा काम किया है और इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि इस दिशा में एचएलएल ने शानदार काम किया है।

वहीं, इस इवेंट में एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मद्रास जैसे बड़े इंस्टीट्यूशन के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) का लेन-देन भी हुआ, जिसका मकसद मिलकर रिसर्च को बढ़ावा देना, हेल्थकेयर इनोवेशन को आगे बढ़ाना और भारत की पब्लिक हेल्थ जरूरतों के हिसाब से लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के डेवलपमेंट में तेजी लाना था।

इस प्रोग्राम में आगे यूनियन हेल्थ सेक्रेटरी ने तिरुवनंतपुरम में एचएलएल की अक्कुलम फैक्ट्री में अपग्रेडेड मेंस्ट्रुअल कप मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम


Show More
Back to top button