करमन कौर थांडी ने फ्रेंच ओपन सिंगल्स क्वालीफाइंग ड्रॉ में जगह पक्की की


चंडीगढ़, 18 मई (आईएएनएस)। राउंडग्लास टेनिस एकेडमी की एथलीट करमन कौर थांडी ने फ्रेंच ओपन सिंगल्स क्वालीफाइंग ड्रॉ में जगह पक्की कर ली है। सोमवार से शुरू हुए इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन थांडी पहले क्वालिफाइंग राउंड में हार्मनी टैन से मुकाबला करेंगी। ड्रॉ में दोनों ही खिलाड़ी अनसीडेड हैं।

करमन ने अपनी प्रोटेक्टेड रैंकिंग (पीआर) 238 की बदौलत इस एलीट क्वालीफाइंग ड्रॉ में स्थान पक्का किया है। इस रैंकिंग ने उन्हें आधिकारिक एंट्री लिस्ट में 119वें स्थान पर पहुंचा दिया। प्रोटेक्टेड रैंकिंग सिस्टम खिलाड़ियों को चोट के कारण लंबे ब्रेक के बाद टॉप-टियर टूर्नामेंट्स में फिर से एंट्री करने में मदद करता है, जिसकी मदद से भारत की पूर्व नंबर 1 खिलाड़ी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह फिर से हासिल करने में मदद मिली है।

करमन ने चोट की बाधाओं को पार करने में जबरदस्त मजबूती दिखाते हुए दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ फिर से मुकाबला करने के लिए अपनी प्रोटेक्टेड रैंकिंग का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया है।

ग्रैंड स्लैम के मंच पर उनकी जोरदार वापसी देश में इस खेल के लिए एक अहम मील का पत्थर है। इसके साथ ही ग्रैंड स्लैम सिंगल्स में भारत की हालिया गैर-मौजूदगी का दौर भी खत्म हो गया है। दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए करमन का लक्ष्य आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में आगे बढ़ना है।

अपने ड्रॉ के बारे में करमन ने कहा, “मेरे लिए रोलैंड गैरोस इस बात की याद दिलाता है कि असफलताएं आपको परिभाषित नहीं करतीं, बल्कि वापसी करने का साहस आपको परिभाषित करता है। मुझे इस खेल के सबसे बड़े मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है। हर एथलीट ऐसे पलों का सपना देखता है।”

उन्होंने कहा, “मैं रोलैंड गैरोस में एक मकसद, कृतज्ञता और इस विश्वास के साथ पहुंच रही हूं कि मुश्किल सफर ही मजबूत प्रतिस्पर्धी बनाते हैं। वापसी का सफर आसान नहीं था। इसी वजह से यहां खड़े होना और भी ज्यादा संतोषजनक लग रहा है।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button