केईसी इंटरनेशनल का मुनाफा वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में 28 प्रतिशत घटा, आय में भी आई गिरावट

मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। आरपीजी ग्रुप की इंफ्रास्ट्रक्चर ईपीसी कंपनी केईसी इंटरनेशनल ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की गिरावट आई है। साथ ही, कंपनी की आय भी कमजोर रही है।
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में उसे 193 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है, जो कि वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही के मुनाफे 268 करोड़ रुपए से 28 प्रतिशत कम है।
मार्च तिमाही के दौरान कंपनी की ऑपरेशंस से आय 6,390 करोड़ रुपए रही है, जो कि पिछली वर्ष की समान तिमाही की आय 6,872 करोड़ रुपए से 7 प्रतिशत कम है।
कंपनी का ईबीआईटीडीए पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के 538.3 करोड़ रुपए से 16.7 प्रतिशत घटकर 448.4 करोड़ रुपए रह गया। ईबीआईटीडीए मार्जिन एक वर्ष पहले के 7.8 प्रतिशत से घटकर 7 प्रतिशत हो गया।
मार्च तिमाही में कमजोर वार्षिक प्रदर्शन के बावजूद, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के मुकाबले कुछ क्रमिक सुधार दिखाया है। दिसंबर तिमाही में, कंपनी ने 127.5 करोड़ रुपए का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया था, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 129.6 करोड़ रुपए से मामूली रूप से कम था।
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के दौरान ईबीआईटीडीए वार्षिक आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 430.3 करोड़ रुपए हो गया, जबकि ईबीआईटीडीए मार्जिन में मामूली सुधार होकर 7 प्रतिशत से 7.1 प्रतिशत हो गया।
नतीजों की घोषणा से पहले शुक्रवार को केईसी इंटरनेशनल के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक गिरकर बंद हुए।
पिछले छह महीनों में शेयर 30 प्रतिशत से अधिक गिर चुका है और हाल ही में इसने अपना 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर छुआ। शेयर फिलहाल लगभग 548.80 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है, जो इसके 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर 947.00 रुपए से काफी नीचे है।
आरपीजी समूह की प्रमुख कंपनी केईसी इंटरनेशनल एक अग्रणी वैश्विक इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) कंपनी है। कंपनी बिजली पारेषण और वितरण, रेलवे, सिविल इंजीनियरिंग, शहरी अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा और केबल जैसे क्षेत्रों में अवसंरचना परियोजनाओं में विशेषज्ञता रखती है। 110 से अधिक देशों में परिचालन के साथ, केईसी इंटरनेशनल ने अवसंरचना और इंजीनियरिंग क्षेत्र में एक मजबूत वैश्विक उपस्थिति स्थापित की है।
–आईएएनएस
एबीएस/