भोजपुरी स्टार प्रदीप पांडे 'चिंटू' ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, बोले- जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगा दिव्य अनुभव


उज्जैन, 13 मई (आईएएनएस)। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता प्रदीप पांडे आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। पर्दे पर रोमांस, एक्शन और इमोशनल किरदार निभाने वाले प्रदीप पांडे असल जिंदगी में आध्यात्म और भक्ति से गहरा जुड़ाव रखते हैं। इस कड़ी में वह उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती में शामिल हुए।

उज्जैन पहुंचने के बाद प्रदीप पांडे ‘चिंटू’ ने बाबा महाकाल के दरबार में पूरे श्रद्धाभाव से माथा टेका। उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

दर्शन के बाद आईएएनएस से बातचीत करते हुए अभिनेता ने कहा, ”यह मेरी पहली महाकाल यात्रा थी और यह अनुभव मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक बन गया है। भस्म आरती का दृश्य इतना अद्भुत और अलौकिक था कि उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। मैं यह दिव्य नजारा जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगा। सुबह के समय मंदिर में मौजूद भक्तों की आस्था, मंत्रोच्चार और पूरे वातावरण में फैली भक्ति ने मेरे मन को गहराई से छू लिया।”

महाकाल मंदिर में भस्म आरती का विशेष महत्व माना जाता है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल इस दिव्य आरती का हिस्सा बनने उज्जैन पहुंचते हैं। सिर्फ आम भक्त ही नहीं, बल्कि फिल्म और टीवी जगत के कई बड़े सितारे भी बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।

हाल ही में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया ने भी बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की थी। इनके अलावा, शिल्पा शेट्टी अपनी बहन शमिता शेट्टी के साथ शयन आरती में शामिल हुई थीं। वहीं किंजल दवे, मोनल गज्जर और उल्का गुप्ता भी भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद ले चुकी हैं। अभी ही, तमन्ना भाटिया ने भी भस्म आरती में बाबा महाकाल के दर्शन किए थे।

अगर प्रदीप पांडे ‘चिंटू’ के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2009 में भोजपुरी फिल्म ‘दिवाना’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके साथ दिनेश लाल यादव और पाखी हेगडे नजर आए थे। पहली ही फिल्म के लिए उन्हें ज्यूरी मेंशन अवॉर्ड भी मिला था।

इसके बाद उन्होंने ‘सात सहेलियां’, ‘देवर बड़ा सतावेला’, ‘ट्रक ड्राइवर’, ‘जीना तेरी गली में’, ‘दुलारा’, ‘दुल्हन चाहिए पाकिस्तान से’, ‘रंगीला’ और ‘मेहंदी लगा के रखना 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। वह आज के समय में भोजपुरी इंडस्ट्री के टॉप एक्टर्स में गिने जाते हैं।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Show More
Back to top button