अमृता शेरगिल की जिंदगी को बड़े पर्दे पर लाएंगी मीरा नायर, प्रियंका चोपड़ा और जयदीप अहलावत निभाएंगे अहम भूमिका

मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा की निर्देशक मीरा नायर हमेशा ऐसी कहानियां चुनने के लिए जानी जाती हैं, जो समाज और संस्कृति को गहराई से दिखाती हैं। अब उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘अमरी’ का ऐलान किया है, जो मशहूर चित्रकार अमृता शेरगिल की जिंदगी और उनकी कला से प्रेरित है।
इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, जयदीप अहलावत और जिम सर्भ जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के ऐलान के साथ इसका फर्स्ट लुक भी जारी किया गया है।
मीरा नायर ने फिल्म को लेकर कहा, ”पिछले कई दशकों में उन्होंने जितनी भी फिल्में बनाई हैं, वे किसी न किसी तरह अमृता शेरगिल की कला से प्रभावित रही हैं। उन्होंने मुझे दुनिया और लोगों को देखने का नया नजरिया दिया। उन्होंने यूरोप में कला में अध्ययन किया और भारत के आम लोगों की जिंदगी को अपनी कला के जरिए दिखाने का प्रयास किया। यही बात मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित करती रही।”
मीरा नायर ने कहा, “अमृता की पेंटिंग्स में रंगों का इस्तेमाल, साधारण लोगों के चेहरे और भावनाओं को दिखाने का तरीका बेहद खास था और उसी सोच ने मेरे सिनेमा के नजरिए को भी प्रभावित किया।”
फिल्म ‘अमरी’ में अभिनेत्री अंजलि शिवरामन अमृता शेरगिल का किरदार निभाती नजर आएंगी। वहीं एमिली वॉटसन उनकी मां मैरी एंटोनेट गोट्समैन की भूमिका में होंगी। जयदीप अहलावत अमृता के पिता उमराव सिंह शेरगिल के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा, अंजना वासन, जिम सर्भ और प्रियंका चोपड़ा भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं।
प्रियंका चोपड़ा फिल्म में अभिनय करने के साथ-साथ इसकी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं।
फिल्म की कहानी बीसवीं सदी के शुरुआती दौर में हंगरी, फ्रांस और भारत के बीच घूमती है। इसमें यह दिखाया जाएगा कि अलग-अलग संस्कृतियों और देशों ने अमृता शेरगिल की सोच और कला को कैसे आकार दिया। अमृता शेरगिल को भारत की आधुनिक कला की सबसे प्रभावशाली महिला कलाकारों में गिना जाता है। उन्होंने अपनी पेंटिंग्स में भारत के गांव, महिलाएं, गरीब और आम लोगों की जिंदगी को बेहद अलग तरीके से पेश किया था। उनकी कला को आज भी दुनिया भर में सम्मान के साथ देखा जाता है।
–आईएएनएस
पीके/एएस