विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए स्कॉटलैंड की टीम घोषित, इंग्लैंड की पूर्व स्पिनर क्रिस्टी गॉर्डन को मौका

ग्लासगो, 11 मई (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए बाएं हाथ की स्पिनर क्रिस्टी गॉर्डन को स्कॉटलैंड की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड में खेले जाने वाले इस वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड को ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है। इस टीम का अभियान 13 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में आयरलैंड के खिलाफ शुरू होगा।
क्रिस्टी गॉर्डन ने साल 2012 में महज 14 साल की उम्र में स्कॉटलैंड के लिए डेब्यू किया था। वह साल 2017 तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेलीं। उसके बाद क्रिस्टी ने टी20 वर्ल्ड कप 2018 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन 2019 के बाद उस टीम के लिए कभी नहीं खेलीं, जिससे पिछले साल दिसंबर में स्कॉटलैंड टीम में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया।
स्कॉटलैंड ने ग्लोबल क्वालीफायर के जरिए आगामी महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाई है। बांग्लादेश से हारने के बावजूद, स्कॉटलैंड ने ‘सुपर सिक्स’ में आयरलैंड और यूएसए के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। क्वालीफायर में उनका तीसरा स्थान मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए काफी था।
कप्तान कैथरीन ब्राइस स्कॉटिश टीम की अगुवाई करेंगी। इस टीम में अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2025 में हिस्सा लेने वाली टीम की तीन सदस्य भी शामिल हैं, जिनमें सीमर गैब्रिएला फोंटेनला, विकेटकीपर-बल्लेबाज पिप्पा स्प्रौल और बिना कैप वाली तेज गेंदबाज मेसी मेसेरा मौजूद हैं।
स्कॉटलैंड, लगातार दूसरी बार महिला टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले, एडिनबर्ग में बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ एक घरेलू ट्राई-सीरीज में भी हिस्सा लेगी।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होगी। 30 जून और 2 जुलाई को इस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच खेले जाने हैं। फाइनल मुकाबले की मेजबानी 5 जुलाई को लॉर्ड्स का ऐतिहासिक मैदान करेगा।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए स्कॉटलैंड की टीम: कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लो एबेल, ओलिविया बेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियानाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेनला, कैथरीन फ्रेजर, क्रिस्टी गॉर्डन, आइल्सा लिस्टर, मेसी मेसेरा, अबताहा मकसूद, मेगन मैककोल, राचेल स्लेटर और पिप्पा स्प्रौल।
–आईएएनएस
आरएसजी