'मैं मैदान पर उतरने के लिए बहुत उत्साहित हूं,' ईयूटी20 लीग में खेलने को बेताब मार्टिन गप्टिल (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के पूर्व ओपनर मार्टिन गप्टिल भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान से दोबारा मिलने और क्रिकेट मैदान पर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जहीर खान बेल्जियम की पहली ‘ईयूटी20 लीग’ में ‘एंटवर्प एंकर्स’ टीम के सह-मालिक हैं। यह टूर्नामेंट 6 से 14 जून तक चलेगा।
न्यूजीलैंड के व्हाइट-बॉल क्रिकेट के मुख्य बल्लेबाजों में से एक गप्टिल टूर्नामेंट से पहले टीम के लिए साइन किए गए प्रमुख खिलाड़ियों में से एक थे। उनके साथ आंद्रे रसेल और डेविड वीज को टीम में शामिल किया गया है। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज किरण मोरे बतौर मेंटॉर टीम में शामिल हैं।
मार्टिन गप्टिल ने सोमवार को ‘आईएएनएस’ के साथ खास बातचीत में कहा, “हमारी टीम में कुछ बड़े नाम वाले खिलाड़ी हैं और खेल पर उनका असर हमारी मदद करेगा। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें न सिर्फ आईपीएल में खेलने का अनुभव है, बल्कि टीमों के साथ रहने का भी अनुभव है, चाहे वे मेंटर हों या कोच। उनके अनुभव की वजह से ही हमें मदद मिलेगी, और दोस्तों के तौर पर लीग को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इसलिए मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। जहीर खान और मेरे बीच हमारे करियर के दौरान मैदान पर कुछ शानदार भिड़ंत हुईं थीं। मैं उनसे दोबारा मिलने और बेल्जियम में एक शानदार समय बिताने का इंतजार कर रहा हूं।”
अपना अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म होने के बाद मार्टिन गप्टिल ने अलग-अलग टी20 लीग के जरिए बहुत कम प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला है। गप्टिल के लिए ईयूटी20 लीग मैदान पर वापसी का एक अच्छा मौका है, जो इस लीग में पूरी गंभीरता के साथ खेलने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हम जैसे खिलाड़ियों के लिए, जिन्हें अब ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिलता, मैदान पर वापस आने का मौका मिलना, पैड और हेलमेट पहनना, और फिर बैटिंग ग्लव्स पहनना, यह सब बहुत खास होता है। मैं मैदान पर उतरने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैं पहले भी एंटवर्प टीम के कुछ खिलाड़ियों के साथ खेल चुका हूं, इसलिए मैं उनसे दोबारा जुड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। उम्मीद है कि हम मिलकर एक शानदार प्रदर्शन करेंगे, बेहतरीन क्रिकेट खेलेंगे और आखिर में ट्रॉफी भी जीतेंगे।”
बेल्जियम में गप्टिल के साथ उनके हमवतन कॉलिन मुनरो और मैक्स चु भी शामिल होंगे। गप्टिल का मानना है कि उनके अंदर की प्रतिस्पर्धी भावना आज भी उतनी ही है, जितनी पहले थी। उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि बतौर क्रिकेटर आपकी प्रतिस्पर्धी भावना कभी खत्म नहीं होती। आप हमेशा यही चाहते हैं कि वहां जाएं और शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन करें।”
गप्टिल इस लीग को युवा खिलाड़ियों और एसोसिएट क्रिकेट देशों के खिलाड़ियों के लिए एक दुर्लभ और कीमती मंच के तौर पर भी देखते हैं, जहां वे अनमोल सीख हासिल कर सकते हैं। इसके साथ ही गप्टिल ने नेपाल के लोकेश बाम को उन खिलाड़ियों में से एक बताया जिन्हें बेल्जियम में खेलने के अनुभव से सबसे ज्यादा फायदा होगा। लोकेश नेपाल प्रीमियर लीग में उनके टीममेट रहे हैं।
गप्टिल का मानना है कि ईयूटी20 किस तरह बेल्जियम के क्रिकेटर्स के लिए क्लब क्रिकेट और इंटरनेशनल क्रिकेट के बीच के फासले को पाटने का एक जरिया बन सकती है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह खिलाड़ियों के लिए एक ऐसा रास्ता बनाती है, जिससे वे क्लब क्रिकेट और बेल्जियम के लिए खेलने के बीच के अंतर को कम कर सकें।
यह गप्टिल की बेल्जियम की पहली यात्रा होगी। खुद गप्टिल इस लीग का हिस्सा बनने की संभावना को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहले कभी वहां नहीं गया। यह मेरा वहां जाने का पहला मौका है। इसलिए मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। उम्मीद है कि हम वहाँ बहुत अच्छा समय बिता पाएंगे। मेरी टीम में एक खिलाड़ी (मैक्स चु) हैं; कॉलिन मुनरो भी वहां जा रहे हैं। कॉलिन मेरे अच्छे दोस्त हैं और हम मैदान के बाहर भी खूब मस्ती करेंगे।”
–आईएएनएस
आरएसजी