पहली गेंद फेंकते ही लगा था मेरे लिए विकेट में कुछ है: राशिद खान

जयपुर, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 52वां मुकाबला सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला गया। शुभमन गिल की विस्फोटक बल्लेबाजी और राशिद खान की घातक गेंदबाजी की बदौलत जीटी ने आरआर को 77 रन से हरा दिया। राशिद खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद राशिद खान ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं। मैंने जब पहली गेंद फेंकी थी, उसी समय मुझे लगा कि यहां मेरे लिए कुछ है। मैं गेंद की गति और उसे सही लेंथ पर फेंकने की लगातार कोशिश कर रहा था। इससे मुझे सफलता मिली। स्टंप से बाहर जाने पर बल्लेबाज के लिए बाउंड्री लगाना आसान हो जाता है।”
राशिद ने जीटी में अपने साथी स्पिनर साई किशोर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अपनी स्किल पर काफी मेहनत कर रहा है। मैं उसे भविष्य में गेंदबाजी करते हुए देखने के लिए उत्साहित हूं।
राशिद ने आगे कहा, “पिछले 2 सीजन मेरे लिए अच्छे नहीं रहे थे। इस साल मैं सही लाइन लेंथ पर गेंदबाजी कर रहा हूं और अपने खेल का आनंद ले रहा हूं। मेरी कोशिश निरंतरता बनाए रखने की है। सर्जरी के बाद मेरी फिटनेस और गेंदबाजी बेहतर हुई है।”
मैच पर नजर डालें तो राजस्थान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। जीटी ने कप्तान शुभमन गिल के 44 गेंदों पर 84 रन और साई सुदर्शन के 36 गेंदों पर 55 रन की मदद से 4 विकेट पर 229 रन बनाए थे।
230 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी राजस्थान रॉयल्स 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई।
राशिद खान ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट लिए। जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में 12 रन देकर 3, कगिसो रबाडा ने 3 ओवर में 33 रन देकर 2 और सिराज ने 1 विकेट लिए।
आरआर पर जीत के साथ ही जीटी अंकतालिका में दूसरे स्थान पर चली गई है। आरआर टॉप-4 से बाहर होकर पांचवें स्थान पर चली गई है।
–आईएएनएस
पीएके