उत्तर प्रदेश: एआई निगरानी में हुई प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, 17 मंडलों में नकलविहीन परीक्षा का दावा


प्रयागराज, 9 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता संवर्ग भर्ती परीक्षा शनिवार को प्रदेश के 17 मंडल मुख्यालयों में कड़ी निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। आयोग ने दावा किया कि एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई, जिससे परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और सुचितापूर्ण बनाया गया।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत 18 विषयों की लिखित परीक्षा के क्रम में शनिवार को प्रथम और द्वितीय पाली में कुल नौ विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा प्रदेश के 17 जनपदों में बनाए गए निर्धारित केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 278 परीक्षा केंद्रों पर भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास और शिक्षाशास्त्र विषयों की परीक्षा कराई गई। वहीं द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक 269 केंद्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित हुई।

डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों के जरिए परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्विघ्न, समयबद्ध और पूरी तरह नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। आयोग अध्यक्ष ने परीक्षा संचालन में जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार भी जताया।

आयोग के मुताबिक, 9 मई को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 89,766 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत दर्ज की गई।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी


Show More
Back to top button