सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण का यह ऐतिहासिक क्षण सदैव स्मरणीय रहेगा: सम्राट चौधरी

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न राज्यों से पधारे मुख्यमंत्री और वरिष्ठ साथियों से आत्मीय भेंट हुई। गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की अविराम यात्रा का यह पड़ाव जनविश्वास, संगठन शक्ति और राष्ट्रवाद की नई ऊंचाइयों का प्रतीक है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण का यह ऐतिहासिक क्षण सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने सुवेंदु अधिकारी का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल प्रगति, सुशासन और समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचेगा।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को बधाई एवं शुभकामनाएं। पश्चिम बंगाल की जनता के हितों और न्याय के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और सुवेंदु दा का अविराम संघर्ष इस ऐतिहासिक विजय की शक्ति बना है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में अब बंगाल में सुशासन और विकास के नए युग की शुरुआत होगी। प्रचंड जनादेश के लिए बंगाल की जनता का हृदय से आभार एवं नई सरकार को यशस्वी कार्यकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि गंगोत्री से गंगासागर तक विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की डबल इंजन सरकार पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों एवं विभिन्न प्रदेशों से पधारे मुख्यमंत्रियों से भी भेंट की।
उन्होंने आगे कहा कि सुवेंदु अधिकारी एवं समस्त मंत्री परिषद् को शपथ ग्रहण पर शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपकी नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता पश्चिम बंगाल को प्रगति, सुशासन और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। साथ ही, केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचेगा, जिससे प्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सुवेंदु अधिकारी एवं उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई और मंगलकामनाएं। मां दुर्गा के आशीर्वाद से बंगाल के इतिहास में एक ऐसा क्षण दर्ज हुआ है, जिसे आने वाले वर्षों तक परिवर्तन और जनविश्वास के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। जिस पावन धरती ने देश को सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रवाद और जनआंदोलनों की नई दिशा दी, वही बंगाल आज राष्ट्र जागरण का एक नया अध्याय लिखने की ओर कदम बढ़ा चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि दशकों के लंबे संघर्ष, कार्यकर्ताओं के बलिदान, अथक परिश्रम और जनता की अपेक्षाओं के बाद भाजपा का कमल अब बंगाल में केवल एक राजनीतिक प्रतीक नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, सुरक्षा और नई उम्मीदों का संदेश बनकर उभरा है। यह क्षण केवल किसी एक नेता या दल की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं का परिणाम है जिन्होंने बदलाव, पारदर्शिता और प्रगति के सपने को जीवित रखा।
सीएम सैनी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब बंगाल ने नई दिशा चुनी है, तब-तब उसका प्रभाव पूरे देश ने महसूस किया है। इसी विश्वास और ऊर्जा के साथ बंगाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ प्रगति, सम्मान और सुशासन की एक नई गाथा लिखने की ओर अग्रसर है।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी